Fact Check: अमेरिका में हुए 9/11के हमले का वीडियो मौजूदा पश्चिम एशिया संकट से जोड़कर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने इस्राइल पर अबतक का सबसे बड़ा हमला किया है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
विस्तार
पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों से क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान भी जबरदस्त पलटवार कर रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में आग का गोला नजर आ रहा है। इसके साथ ही लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने इस्राइल पर अबतक का सबसे शक्तिशाली हमला किया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो 2001 के अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने इस्राइल पर अबतक का सबसे बड़ा हमला किया है।
योद्धा(@Yoddha_0) नाम के एक्स यूजर ने लिखा,” ब्रेकिंग न्यूज़ : इस्राइल में मची अफरा-तफरी! ईरान के मिसाइल हमले के बाद हालात बेकाबू। सैनिकों के हताहत होने की खबरों के बीच इस्राइल के भीतर विरोध प्रदर्शनों का दौर शुरू। स्थिति बेहद तनावपूर्ण।" पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Snooperking नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का पूरा वीडियो मिला। इस वीडियो में 2 मिनट 17 सकेंड से 2 मिनट 47 सकेंड तक वायरल क्लिप देखने को मिली। यह वीडियो 11 सितंबर 2016 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा गया है कि टावरों के ढहने से पहले और उस दौरान ग्राउंड जीरो के अंतिम क्षण। 9/11 की घटना में 11 सितंबर को टिव्न टावर गिर गए।
आगे की पड़ताल में हमें Armuotas नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो के क्लिप 20 सकेंड से देखने को मिली। यह वीडियो 27 जून 2020 को साझा किया गया है। यहां लिखा है कि 9/11, साउथ टावर का ढहना, मलबे का बादल।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को अमेरिका के 9/11 हमले का पाया है।