Fact Check: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में मॉक ड्रिल के वीडियो को असली आतंकी हमला बताकर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर लोगों के भागने का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसे शेयर करके दावा किया जा रहा है कि जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी हमला हो गया। हमारी पड़ताल में यह वीडियो मॉक ड्रिल का निकला है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में कई लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। इसे शेयर करके दावा किया जा रहा है कि जिस तरह कश्मीर में पहलगाम हमला हुआ था। उसी तरह का हमला एक बाद फिर जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में हुआ है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी जांच में सामने आया कि वायरल हो रहा वीडियो किसी आतंकी हमले का नहीं है बल्कि मॉक ड्रिल का है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी हमला हुआ है। जिसके कारण लोग डर के मारे भाग रहे हैं।
सीमा परवीन नाम के एक फेसबुक युजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “जम्मू कश्मीर में फिर से हुआ किश्तवाड़ जिले में आतंकी हमला!” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो goundnews07 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो देखने को मिला। यहां इस वीडियो को साथ कैप्शन लिखा गया था “किश्तवाड़ में हाई अलर्ट आतंकी हमले जैसी स्थिति पर मॉक ड्रिल, प्रशासन की बड़ी तैयारी!” यहां से हमें संकेत मिला कि यह अंतकी हमले का वीडियो नहीं है।
आगे हमने कीवर्ड के माध्यम से इस वीडियो को सर्च किया। यहां हमें इस वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट एक्सेलसियर न्यूज के यूट्यूब चैनल पर देखने को मिली। यह जम्मू कश्मीर का अखबार है। चैनल पर वीडियो को शेयर करके बताया गया था कि अनंतनाग और किश्तवाड़ में मॉक ड्रिल आयोजित। इस वीडियो को आखिर में पुलिस अधिकारियों का बयान देखने को मिला। इस बयान में उन्होंने बताया कि यहां एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया जिससे सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि मॉक ड्रिल के वीडियो को असली आतंकी हमला बताकर शेयर किया जा रहा है।
