हरियाणा विधानसभा बजट सत्र: तीसरे दिन बुढ़ापा पेंशन पर हंगामा, सीएम बोले-विपक्ष ने अफवाह फैलाकर पाप किया
कांग्रेस के विधायकों ने सरकार के खिलाफ भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में मार्च निकाला।
विस्तार
हरियाणा विधानसभा के तीसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को प्रश्न काल से शुरू हुई। इससे पहले कांग्रेस के विधायकों ने सरकार के खिलाफ भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में मार्च निकाला।
बजट सत्र के दौरान बुढ़ापा पेंशन को लेकर हंगामा हो गया। कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने पूछा कि कितने लोगों की वृद्धावस्था पेंशन जांच के नाम पर रोकी गई है। 2024 के बाद कितने पेंशन रोकी गई हैं। इसका क्या पैमाना है।
जवाब में कृष्ण बेदी ने काटी गई पेंशन के आंकड़े गिनाए तो इस पर विधायक ने कहा-इतना टाइम वेस्ट करने की जरूरत नहीं। सिर्फ यह बताएं कि कितनी पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर रोकी हैं। इस पर बेदी बोले-तसल्ली तो बैठानी पड़ेगी। आप लोग गुमराह कर रहे हैं। इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर पाप किया है। हम तो पेंशन बढ़ा कर उनका सम्मान बढ़ा रहे हैं। मंत्री ने सही जवाब दिया है कि अगर कोई शिकायत आती है तो सरकार की जिम्मेदारी है जांच कराना। अब कोई पेंशन रोकी नहीं है। सारी जारी कर दी है।
आईडीएफसी बैंक धोखाधड़ी मामला गूंजा
सदन में आईडीएफसी बैंक धोखाधड़ी मामला गूंजा। सीएम ने कहा कि हरियाणा सरकार के खातों में 578 करोड़ रुपये वापस आए। इनमें से 556 करोड़ का मूलधन और 22 करोड़ रुपये का ब्याज शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए वित्त सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है। उन्होंने दोहराया कि किसी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार में घोटाले दबाए नहीं जा सकते, जबकि पहले की सरकारों में फाइलें दबा दी जाती थी। किसी की जिम्मेदारी तय नहीं होती थी। इस पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया।
हरियाणा लोक सेवा आयोग में नाैकरी मामले को लेकर कांग्रेस स्थगन का प्रस्ताव लेकर आई है। 25 फरवरी को दोपहर तीन बजे इस मामले में सुनवाई होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.