{"_id":"69b448dd3f5feb5dd30d94b3","slug":"gas-booking-delayed-hotels-and-roadside-eateries-in-crisis-due-to-shortage-of-commercial-cylinders-charkhi-dadri-news-c-126-1-cdr1004-152537-2026-03-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Charkhi Dadri News: गैस बुकिंग अटकी, कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी से होटल-ढाबे संकट में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Charkhi Dadri News: गैस बुकिंग अटकी, कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी से होटल-ढाबे संकट में
संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
Updated Fri, 13 Mar 2026 10:56 PM IST
विज्ञापन
चरखी दादरी में सरस्वती पार्क के पास हलवाई की ओर बनाई गई डीजल भट्ठी। संवाद
विज्ञापन
Trending Videos
चरखी दादरी। ईरान और इस्राइल के बीच हो रहे युद्ध का असर जिले में गैस उपभोक्ताओं पर साफ दिखाई दे रहा है। कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति काफी कम होने से होटल-ढाबों का कारोबार ठप हो रहा है। इसके अलावा रसोई गैस के ऑनलाइन बुक कराने में सर्वर के सुस्त होने की समस्या आने से लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से होटल, रेस्टोरेंट व ढाबे का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। जिले के व्यवसायिक उपभोक्ताओं का कहना हैं कि काम-काज चालू रखने के लिए डीजल, कोयला भट्टी व इंडक्शन चूल्हे का प्रयोग करना पड़ेगा।
पिछले तीन दिनों से सर्वर की धीमी चाल से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में सुबह होने के साथ ही लोगों की भीड़ एजेंसियों के बाहर जमा हो जाती है। शुक्रवार को भी सर्वर डाउन होने से लोगों की गैस बुकिंग भी नहीं हो पाई। एजेंसी के सामने ऐसे लोग भी लोग खड़े नजर आए जो पिछले दो दिनों से लगातार चक्कर लगा रहे हैं। वहीं होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई की दुकानों में कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बंद चल रही है जिससे इनके कारोबार पर संकट के बादल छाए हुए हैं। स्थानीय रेस्टोरेंट संचालक वेदप्रकाश सैनी, मदन लाल, राजल सैनी, सोमबीर जोगी, सुरेश कुमार, महेंद्र सिंह आदि ने बताया कि पहले से रखे कॉमर्शियल सिलिंडर खत्म होने की कगार पर है। आगे जल्दी से कोई सिलिंडर मिलने की संभावना दूर तक नजर नहीं आ रही हैं। इसलिए उन्हें अपनी पुरानी कोयला या डीजल भट्ठी चलाने को मजबूर होना पड़ेगा। वहीं रेस्टोरेंट संचालकों का कहना हैं कि कारोबार चालू रखने के लिए इंडक्शन चूल्हा मंगवाया गया है, ताकि प्रभावित होते कारोबार को बचाया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने के बाद कारोबार चलाने के लिए अस्थायी तौर पर कोयला भट्ठी का प्रयोग करना पड़ेगा। शहर में डिपो न होने के कारण कोयला भी बाहर से मंगवाना पड़ेगा। काम की अधिकता होने के कारण डीजल भट्ठी भी प्रयोग में लाई जा सकती हैं लेकिन डीजल की उपलब्धता भी लंबे समय तक जारी रहने पर संशय बना हुआ है।- राजल सैनी, मिष्ठान भंडार संचालक
सरकार की ओर से लगभग 10 दिन पहले ही कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद बचे हुए सिलिंडरों से काम चल रहा था लेकिन अब सिलिंडर बिल्कुल खत्म होने से कारोबार में मंदी छाई हुई है। व्यावसायिक सिलिंडर की पूर्ति करने के लिए रेस्टोरेंट की रसोई में इंडक्शन चूल्हा मंगवाना पड़ेगा।- विक्की, होटल संचालक
पहले घर पर गैस बुकिंग करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं लगने से बुकिंग नहीं हो पाई, अब दो दिनों से एजेंसी के सामने लाइन में खड़े होकर लौटना पड़ रहा हैं। लाइन में बारी आने पर ओटीपी नहीं आता है। - विनोद कुमार, महेंद्रगढ़ चुंगी
गैस सिलिंडर की बुकिंग करवाने के लिए वीरवार को भी पूरा दिन लाइन में लगना पड़ा था लेकिन सर्वर बंद होने से बुकिंग नहीं हो पाई थी वहीं आज भी सुबह से लाइन में लगा हूं, नंबर आने पर पता चलेगा कि बुकिंग हो पाएगी या नहीं।
- सुरेश कुमार, उपभोक्ता
वर्सन:
गाेदाम में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर रखे हुए हैं लेकिन जब तक ग्राहक को कंपनी की ओर से ओटीपी नंबर नहीं मिलेगा, हम बुकिंग करने में असमर्थ हैं। उपभोक्ता रात के समय अपने मोबाइल से बुकिंग कर सकते हैं, इस समय सर्वर पर बुकिंग का भार कम रहता हैं।- सत्यप्रकाश शर्मा, प्रबंधक, दादरी गैस सर्विस