फतेहाबाद: नम आंखों से सैनिक मनदीप कुमार को दी अंतिम विदाई, उधमपुर में पांव फिसलने के बाद चली गोली लगने से हो गई थी मौत
कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली की ओर से उनके भाई विनोद बबली ने सैनिक के शव पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सैनिक मनदीप कुमार अविवाहित थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फतेहाबाद जिले के भूना खंड के गांव बोस्ती में 25 वर्षीय सैनिक मनदीप कुमार को शुक्रवार को हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मनदीप का शव शुक्रवार सुबह ही गांव में लाया गया। इसके बाद गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई संदीप ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली की ओर से उनके भाई विनोद बबली ने सैनिक के शव पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सैनिक मनदीप कुमार अविवाहित थे।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के ऊधमपुर क्षेत्र में मनदीप कुमार का बुधवार देर रात गोली लगने से आकस्मिक निधन हो गया था। सेना की ओर से पांव फिसलने से उनकी ही राइफल से गोली चलने से मौत होने की बात कही गई है।
दो भाइयों व तीन बहनों में सबसे छोटे थे मनदीप
सैनिक मनदीप के पिता रामपाल सेन का छह साल पहले निधन हो चुका है। उनके दो बेटों और तीन बेटियों में मनदीप सबसे छोटा था। मनदीप 12वीं कक्षा पास करने के बाद वर्ष 2019 में प्रादेशिक सेना में भर्ती हो गया था। पिछले कई महीनों से जम्मू कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी पर तैनात था।
परिवार देख रहा था रिश्ता, मौत की मिली सूचना
मनदीप के बड़े भाई संदीप के अनुसार सभी भाई-बहनों में से सिर्फ मनदीप ही अविवाहित था। परिवार की ओर से मनदीप का रिश्ता करने के लिए प्रयास चल रहे थे। मगर इसी बीच उसके निधन की सूचना मिली। मनदीप ने आखिरी बार अपने भाई से बातचीत में कहा था कि पहले भूना या बरवाला में कोठी बनाएंगे, इसके बाद वह शादी करवाएगा। मनदीप का बड़ा भाई संदीप गांव बोस्ती में ही हेयर ड्रेसर है।