बिहार चुनाव: प्रचार के लिए BJP ने दी हरियाणा के मंत्रियों और विधायकों को जिम्मेदारी, जल्द करेंगे बिहार का दौरा
बिहार में भाजपा ने 101 से ज्यादा उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। बिहार में पहले चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा। ऐसे में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसके लिए हरियाणा के मंत्रियों और विधायकों को भाजपा ने अहम जिम्मेदारी दी है। डिटेल में पढ़ें खबर...

विस्तार
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें कुछ मंत्री बिहार का दौरा वापस करके आ गए हैं तो कुछ जाने की तैयारी में जुटे हैं। इनमें मंत्रियों व विधायकों को एक से दो विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। ये मंत्री व विधायक क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में रैलियां करेंगे। कुछ को बूथ मैनेजमेंट का भी काम सौंपा गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बिहार का दौरा कर दो विधानसभा क्षेत्र में रैली कर चुके हैं। यह रैलियां कटिहार विधानसभा और त्रिवेणीगंज विधानसभा में हुई थी।

छह नवंबर को है पहले चरण का मतदान
बिहार में भाजपा ने 101 से ज्यादा उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। बिहार में पहले चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा। ऐसे में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हाईकमान ने इसके लिए हरियाणा समेत अन्य राज्यों के भाजपा नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। हरियाणा में भाजपा ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुज्जर, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, विधायक ओम प्रकाश यादव, विधायक मुकेश शर्मा, विधायक सतीश कुमार फागना, विधायक धनेश अदलखा, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला समेत अन्य लोग शामिल हैं। इनमें से कुछ मंत्री बिहार का दौरा कर चुके हैं, जबकि कई अन्य विधायकों व मंत्रियों को बाद में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
सीएम सैनी को मिली अहम जिम्मेदारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पहले भी अन्य राज्यों के चुनाव में जिम्मेदारी मिलती रही है। पिछले साल धमाकेदार जीत के बाद पार्टी ने नायब सिंह सैनी को महाराष्ट्र और दिल्ली चुनाव में अहम भूमिका दी थी। दिल्ली में तो उन्होंने बहुत ही मुखर होकर चुनाव प्रचार किया था। उन्होंने चुनाव प्रचार में प्रदूषित यमुना का मुद्दा बनाकर इसे चर्चा में ला दिया था। अब बिहार चुनाव में भी उन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई है।
हरियाणा में एक लाख बिहार के लोगों से साधा संपर्क
बिहार चुनाव को लेकर हरियाणा में भाजपा काफी दिन से सक्रिय थी। पिछले कुछ महीनों में पूरे हरियाणा में जगह-जगह बैठक कर एक लाख लोगों से संपर्क साधकर उन्हें भाजपा के पक्ष में चुनाव के लिए प्रेरित किया है। हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, करनाल में यह बैठकें की हैं। पिछले साल छठ पूजा में भी भाजपा की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। इसी साल भाजपा ने पहली बार बिहार दिवस भी मनाया था, जिसमें मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों को विशेष तौर पर जिम्मेदारी दी गई थी। इस बार भी छठ पूजा के लिए हरियाणा सरकार की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस सिलसिले में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी बैठक भी कर चुके हैं।