{"_id":"68f8b02c05ddc67896083309","slug":"neeraj-chopra-was-awarded-the-title-of-honorary-lieutenant-colonel-in-the-territorial-army-2025-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Panipat: नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि, रक्षा मंत्री ने लगाए सितारे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Panipat: नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि, रक्षा मंत्री ने लगाए सितारे
माई सिटी रिपोर्टर, पानीपत (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Wed, 22 Oct 2025 03:51 PM IST
विज्ञापन
सार
ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की वर्दी में नीरज को देखकर उनके परिवार में उत्साह का माहौल है। समारोह में उनके पिता सतीश चोपड़ा, मां सरोज देवी, पत्नी हिमानी और चाचा भीम चोपड़ा मौजूद रहे। मां सरोज देवी ने कहा कि एक मां के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती।
गोल्डन बॉय और जेवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
गोल्डन बॉय और जेवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। बुधवार को दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नीरज को सितारे लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने कहा कि नीरज देश का नाम रोशन करते रहें। वे सेना और खेल के मैदान में अपनी मेहनत से भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं।
Trending Videos
पानीपत के खंडरा गांव के नीरज चोपड़ा, जो वर्तमान में दुनिया के नंबर-2 जेवलिन थ्रोअर हैं, ने लगातार दो ओलंपिक में मेडल जीतकर इतिहास रचा है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतने के साथ-साथ वे वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। उनकी खेल उपलब्धियों के लिए भारतीय सेना ने 14 मई 2025 को उन्हें टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि दी, जो 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
सेना में नीरज का सफर
नीरज ने 26 अगस्त 2016 को नायब सूबेदार के रूप में सेना जॉइन की थी। 2021 में उन्हें सूबेदार और 2022 में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नति मिली। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया था। नीरज को 2018 में अर्जुन अवॉर्ड, 2021 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और 2022 में पद्मश्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं।
परिवार में खुशी का माहौल
ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की वर्दी में नीरज को देखकर उनके परिवार में उत्साह का माहौल है। समारोह में उनके पिता सतीश चोपड़ा, मां सरोज देवी, पत्नी हिमानी और चाचा भीम चोपड़ा मौजूद रहे। मां सरोज देवी ने कहा कि एक मां के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती। नीरज सेना और खेल में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। चाचा भीम चोपड़ा ने बताया कि नीरज ने हाल ही में खंडरा गांव में पत्नी हिमानी के साथ दिवाली मनाई थी और अब वे गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास के लिए रवाना होंगे।