हिसार। ग्रीन स्क्वेयर मार्केट के पास स्थित अग्रसेन भवन में एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) मंत्रालय भिवानी शाखा की ओर से आयोजित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की तीन दिवसीय हस्तशिल्प कला प्रदर्शनी में दूसरे दिन भी लोगों की भीड़ उमड़ी। वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए यहां स्वयं सहायता समूह और आजीविका मिशन के लघु उद्यमियों की ओर से 50 स्टॉल लगाए गए हैं।
सोनीपत, गुरुग्राम, झज्जर, भिवानी, हिसार, रोहतक और करनाल आदि शहरों से प्रदर्शनी में पहुंचे हस्तशिल्पकारों ने अपने हुनर को लोगों के सामने पेश किया। एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय भिवानी की सहायक निदेशक रचना त्रिपाठी ने उद्यमियों को व्यवसाय बढ़ाने और ऑनलाइन बिक्री के अवसरों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करना है। इसमें कुम्हार, दर्जी, मोची, राजमिस्त्री, सुनार और मालाकार सहित गुड़िया, चटाई, टोकरी और खिलौने बनाने वाले हस्तशिल्पकारों को निशुल्क स्टॉल प्रदान किए गए। प्रदर्शनी में पहुंचे रहे लोग जूट के हैंड बैग, मिट्टी से बने बर्तन व पूजा सामग्री की खूब खरीदारी कर रहे हैं।