हरियाणा में ठंड का कहर: धुंध पड़ने से दृश्यता शून्य, वाहन चालकों को परेशानी; अभी और लुढ़केगा पारा
हरियाणा में अभी लोगों को ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने 24 दिसंबर से पारा और गिरने की संभावना जताई है। मंगलवार सुबह प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में धुंध छाई रही और कई जगह दृश्यता शून्य रही जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
विस्तार
हरियाणा में तापमान में गिरवाट का दौर लगातार जारी है और अभी ठंड और बढ़ने वाली है। मंगलवार सुबह हरियाणा के अधिकतर जिलों में धुंध छाई रही जिससे वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर दृश्यता शून्य रही। वहीं, पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर हरियाणा में भी दिखने को मिल रहा है जिससे शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने 24 दिसंबर से तापमान में और गिरवाट की संभावना जताई है। यहीं नहीं पाला जमने की भी संभावना रहेगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में बादलों की आवाजाही और लगातार दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं के कारण नमी की मात्रा बढ़ गई है। यही वजह है कि बादलों के साथ कोहरा देखने को मिल रहा है।
रात के बाद अब दिन में भी ठंड ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। कोहरे के साथ-साथ चली बर्फीली हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान कहीं-कहीं शीत दिवस के हालात भी बन गए। पहली बार प्रदेश में दिन का तापमान गिरकर 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
कुरुक्षेत्र में सुबह 8:00 बजे तक दृश्यता शून्य रही जिससे सड़कों पर वाहन रेंग- रेंग कर चलते रहे जिससे हादसे की आशंका भी बनी रही। 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से शीतलहर ने ठंड और बढ़ा दी है अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, भिवानी में भी मंगलवार सुबह घनी धुंध छाई रही जिससे दृश्यता शून्य रही।
#WATCH | Haryana | Visibility reduces as cold wave and dense fog grip Bhiwani city. pic.twitter.com/Cl0fgYQrkA
— ANI (@ANI) December 23, 2025
झज्जर में ठण्ड और कोहरा जारी है। मंगलवार की सुबह घने कोहरे से हुई। शहर में दृश्यता 30 मीटर और आउटर एरिया में दृश्यता 10 मीटर तक रही। इसके चलते वाहन चालकों को गतंव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। वाहन काफ़ी धीमी गति से गुजरे। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा । 24 दिसंबर से उत्तरी बर्फीली हवाओं से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में हाड़कंपा देने वाली सूखी ठंड, शीतलहर और पाला जमने की संभावना बन रही है। 29 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव आएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.