फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   BJP mla raises its voice in protest against the lottery system within the Assembly complex shimla

हिमाचल: लॉटरी पर सियासी संग्राम, विधानसभा के बाहर भाजपा का धरना, हाथों में तख्तियां लेकर की नारेबाजी

Wed, 02 Sep 2026 11:07 AM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Wed, 02 Sep 2026 11:07 AM IST
सार

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक विधानसभा परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार के फैसले को वापस लेने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लॉटरी को नई पीढ़ी को बर्बाद करने वाला निर्णय बताते हुए कहा कि सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए हिमाचल के सामाजिक ताने-बाने से खिलवाड़ कर रही है।

विज्ञापन
BJP mla raises its voice in protest against the lottery system within the Assembly complex shimla
विधानसभा परिसर में गरजे भाजपा विधायक। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल में लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले पर सियासत गरमा गई है। विधानसभा के मानसून सत्र के बीच बुधवार को भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक विधानसभा परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार के फैसले को वापस लेने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लॉटरी को नई पीढ़ी को बर्बाद करने वाला निर्णय बताते हुए कहा कि सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए हिमाचल के सामाजिक ताने-बाने से खिलवाड़ कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल केवल एक राज्य नहीं, बल्कि देवभूमि है, जहां मेहनत और ईमानदारी की संस्कृति रही है। ऐसे प्रदेश में लॉटरी जैसी व्यवस्था को दोबारा लागू करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक बदहाली को छिपाने के लिए पहले जनता पर नए करों का बोझ डाल रही है और अब लॉटरी के जरिए लोगों की जेब से पैसा निकालने की तैयारी कर रही है।

विज्ञापन


उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें लॉटरी को केवल भाग्य का खेल बताया गया था। जयराम ने कहा, अगर लॉटरी केवल भाग्य का खेल है और इससे किसी को लत नहीं लगती, तो इससे बड़ा भ्रम और क्या हो सकता है। नेता विपक्ष ने कहा कि हिमाचल पहले से ही नशे की गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है। चिट्टा और अन्य नशे गांव-गांव तक पहुंच चुके हैं। ऐसे समय में सरकार एक और लत को बढ़ावा देने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि अतीत में लॉटरी के कारण प्रदेश के अनेक परिवार आर्थिक संकट में फंस गए थे। लोगों ने जमीन-जायदाद तक बेच दी, कई परिवार कर्ज में डूब गए और अनेक दुखद घटनाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के बाद हिमाचल इस व्यवस्था से बाहर निकला था, लेकिन अब सरकार उसे फिर वापस लाना चाहती है।

विज्ञापन

भांग की खेती पर भी सरकार को घेरा
जयराम ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी, पेंशनर, एचआरटीसी और एचपीटीडीसी कर्मी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सरकार खुद को कर्मचारी हितैषी बताती है, लेकिन हकीकत यह है कि विभिन्न वर्गों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लॉटरी, बेरोजगारी और कर्मचारियों के मुद्दों को सदन के भीतर और बाहर मजबूती से उठाती रहेगी। जयराम ठाकुर ने भांग की खेती के मुद्दे पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार भांग की खेती को लेकर बयान दे रही है, लेकिन इसके आर्थिक लाभ, नीति और कार्ययोजना पर कोई स्पष्ट तस्वीर पेश नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि अध्ययन के लिए बनाई गई समिति ने खेती को वैध बनाने की कोई सीधी सिफारिश नहीं की थी, फिर भी सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है।

रोजगार के वादों पर उठाए सवाल
भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार के रोजगार संबंधी वादों को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने और पांच वर्षों में पांच लाख रोजगार सृजित करने का दावा किया था, लेकिन आज प्रदेश का युवा रोजगार की राह देख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय जहां सरकारी कर्मचारियों की संख्या करीब 1.90 लाख थी, वहीं अब यह घटकर लगभग 1.72 लाख रह गई है।
 

विज्ञापन

मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में हृदय रोग की प्रमुख जांचें बंद
जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल चमियाना में ईको कार्डियोग्राफी समेत हृदय रोग से संबंधित प्रमुख जांचें बंद होना प्रदेश सरकार के व्यवस्था परिवर्तन के दावों की पोल खोलता है। अस्पताल में हृदय रोग की जांच करने वाले इकलौते स्टाफ को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजकर सरकार ने अपनी व्यवस्था परिवर्तन की नाकामी और विवेकहीनता का परिचय दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed