धर्मशाला: जेल से दीवार फांदकर भाग निकली महिला कैदी, नूरपुर से की गिरफ्तार
महिला कैदी के जेल से भागने की सूचना मिलने के बाद कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया था। हालांकि, पुलिस और उप कारागार नूरपुर की संयुक्त टीम ने महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को नूरपुर से गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार धर्मशाला से मंगलवार सुबह एनडीपीएस मामले की एक विचाराधीन महिला कैदी दीवार फांदकर फरार हो गई। घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस और उप कारागार नूरपुर के संयुक्त अभियान में आरोपी को महज तीन घंटे के भीतर नूरपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:11 बजे पंजाब के तरनतारन जिले के बल्टोहा जोधसिंह वाला गांव की रहने वाली विचाराधीन बंदी अरविंद्र कौर महिला बैरक से फरार हो गई।
शुरुआती जांच में सामने आया कि उसने अपनी चुन्नी की मदद से जेल की दीवार फांदकर भागने में सफलता हासिल की। घटना का पता चलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी और पूरे क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद दोपहर लगभग 12 बजे उप कारागार नूरपुर के जेल स्टाफ और पुलिस की टीम ने आरोपी को नूरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे दोबारा हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
12 जून को 25.65 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ी थी महिला
अरविंद्र कौर को पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने 12 जून को 25.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। वह एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में धर्मशाला जेल में बंद थी।
डीजी डिस्क अवॉर्ड से सम्मानित होंगे दो वार्डर
कारागार एवं सुधार सेवाएं महानिदेशक कार्यालय ने बताया कि घटना में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार कैदी की गिरफ्तारी में साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले उप-कारागार नूरपुर के वार्डर दीपक कुमार और प्रीतम कुमार को डीजी डिस्क अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।