थुरल (कांगड़ा)। डीएमसी कॉलेज पालमपुर की ओर से शनिवार को राजकीय प्राथमिक स्कूल थुरल में एक विशेष आयुर्वेदिक स्वास्थ्य निशुल्क शिविर लगाया गया। इसका शुभारंभ कांगड़ा कृषि बैंक के चेयरमैन संजय चौहान ने किया। शिविर में विशेषज्ञ आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने 65 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और चिकित्सा संबंधी परामर्श दिया गया।
मुख्यातिथि संजय चौहान ने बताया कि सुलह विस क्षेत्र के बीपीएल परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में 10 परिवारों का चयन कर एक वर्ष तक निशुल्क इलाज किया जाएगा। अस्पताल के अधिकारी हुक्म सिंह ने बताया कि बीपीएल परिवारों के निशुल्क कार्ड बनवाने के लिए 94180-61901 फोन पर किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर शिविर के आयोजनकर्ता जन्म सिंह राणा, कृपाल सिंह, वीरेंद्र चौधरी, साहब सिंह, सुलह ब्लाॅक कांग्रेस महासचिव अनिल गुलेरिया आदि मौजूद रहे। संवाद