केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिले की 61वीं जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की सोमवार को बैठक हुई। उपायुक्त लाहौल-स्पीति एवं समिति की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने जिले के विभिन्न बैंकों, विभागों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। स्पीति क्षेत्र के बैंक प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक में लीड जिला प्रबंधक सुनील कौंडल, भारतीय रिजर्व बैंक के आशीष संगरा तथा नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक अनीता ने अपने सुझाव रखे।
उपायुक्त ने सभी बैंक शाखाओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को कम से कम एक वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किया जाए, ताकि बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने बैंकों से जिले के क्रेडिट-डिपॉजिट रेशो में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उपायुक्त ने विशेष रूप से निजी क्षेत्र के बैंकों एचडीएफसी और आईसीआईसीआई से ऋण वितरण बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाने का आह्वान किया। उपायुक्त ने सभी शाखा प्रबंधकों को वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों को माहवार आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपमंडलाधिकारी कुनिका सहित विभिन्न विभागों व बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद