HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- सीएम की घोषणाएं विवेकहीन और द्वेषपूर्ण, आचार संहिता का किया उल्लंघन
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री की ओर से पार्षदों के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा को आदर्श चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन करार दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में चुनाव प्रचार के दौरान सुक्खू सरकार और कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से पार्षदों के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा को आदर्श चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन करार दिया है। सीएम की ओर से प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस पार्षदों की जीत के बदले बजट का लालच देना न केवल असांविधानिक है, बल्कि यह मुख्यमंत्री की विवेकहीन और द्वेषपूर्ण सोच को भी दर्शाता है। जयराम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा चुनाव जीतने के लिए झूठी गारंटियों का सहारा लेती है और अब इनके मंसूबे पूरे नहीं होने वाले हैं। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत विकास के लिए पैसा केंद्र सरकार की ओर से प्रदान किया जाता है, ऐसे में राज्य सरकार इस धन को अपना बताकर जनता पर झूठा एहसान जताने की कोशिश न करे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का मंडी में स्वागत है, लेकिन उन्हें यहां आकर झूठ बोलने के बजाय यह बताना चाहिए कि बीते साढ़े तीन वर्षों में उन्होंने इस क्षेत्र को आखिर क्या दिया है। कहा कि अब ठगने की राजनीति का अंत होना चाहिए क्योंकि जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। दौंधी वार्ड में उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि भविष्य में भाजपा सरकार बनने पर जनता की इच्छा के अनुरूप ही क्षेत्र के सीमांकन और नगर निगम या पंचायत में रहने के मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बैहना वार्ड के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर दौंधी वार्ड में वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ने जनभावना का सम्मान करते हुए बैहना में अपना नामांकन वापस लिया, लेकिन कांग्रेस की प्रत्याशी ने दौंधी वार्ड से अंतिम समय में गायब हो गईं, जो उनकी दोहरी राजनीति को दर्शाता है।