कसौली अग्निकांड: फॉरेंसिक लैब ने लिए सैंपल, नुकसान का आकलन करेगी टीम
कसौली की 150 साल पुरानी हेरिटेज मार्केट में हुए भीषण अग्निकांड की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब जुन्गा की टीम पहुंची।
विस्तार
कसौली की 150 साल पुरानी हेरिटेज मार्केट में हुए भीषण अग्निकांड की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब जुन्गा की टीम पहुंची। पांच सदस्यीय टीम ने यहां पर साक्ष्य जुटाए और गहनता से छानबीन की। टीम ने कई जगहों से राख के सैंपल एकत्रित किए। अब लैब में यह जांच की जाएगी कि आग लगने के क्या कारण रहे। दूसरी ओर छावनी प्रशासन ने उपायुक्त सोलन व पुलिस अधीक्षक को उच्च स्तरीय जांच के लिए पत्र लिखा है। इसमें सरकारी एजेंसी से इस मामले की जांच करवाने की मांग उठाई है। इसके अलावा नुकसान का जायजा लेने के लिए भी अग्निशमन विभाग की एक टीम का गठन कर लिया गया है। इसमें परवाणू अग्निमशन केंद्र के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। साथ छावनी के अग्निशमन के अधिकारियों समेत कर्मचारियों को इसमें शामिल किया गया है। यह टीम पूरे नुकसान का जायजा लेगी और एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
छावनी क्षेत्र का किया दौरा
उधर, कसौली छावनी के सीईओ हिमांशु सामत व छावनी के मनोनीत सदस्य राजकुमार सिंगला ने मंगलवार को कसौली हेरिटेज मार्केट का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। वे अग्निकांड के प्रभावित कारोबारियों से भी मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। सीईओ ने उन्हें एक माह के भीतर अस्थायी रूप से पुनर्वास का भरोसा दिलाया। सीईओ के दौरे के दौरान सभी कारोबारियों ने छावनी की खामियों को उनके सामने रखा और भविष्य में उन्हें दूर करने का प्रयास करने को कहा।
प्रदर्शन की तैयारी में थे कारोबारी
हेरिटेज मार्केट के कारोबारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को कारोबारी छावनी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन जब सीईओ मार्केट में हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे तो प्रदर्शन को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कारोबारियों की मांग थी कि दमकल विभाग के साथ मार्केट में मॉकड्रिल करवाई जाए, जिससे भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जा सके। इस मांग को सीईओ ने मान लिया है।
कल होगी अहम बैठक
वीरवार को कसौली छावनी बोर्ड की अहम बैठक होगी। इस बैठक में विधायक विनोद सुल्तानपुरी, पूर्व विधायक डॉ. राजीव सैजल, कसौली छावनी के ब्रिगेडियर, एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह व छावनी के सीईओ मंथन करेंगे। बैठक में जहां अग्निकांड पर चर्चा होगी। वहीं खामियों पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक में प्रभावित कारोबारियों को मुआवजा राशि दिलाने को लेकर भी बातचीत होगी। इसके अलावा कसौली छावनी में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इस पर भी प्लान बनाया जाएगा।
प्रभावित कारोबारियों के मुआवजे पर असमंजस
कसौली छावनी क्षेत्र के प्रभावित कारोबारियों के लिए एक और समस्या खड़ी हो गई है। ये कारोबारी छावनी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, जबकि प्रदेश सरकार के पास छावनी क्षेत्रों के लिए मुआवजे का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। ऐसे में आठ प्रभावित दुकानदारों को मुआवजा कहां से मिलेगा, इस पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि छावनी के सीईओ ने बताया कि वह प्रदेश सरकार से फंड की मांग करेंगे, जिससे प्रभावित दुकानदारों के लिए आठ दुकानें फिर से बनाई जा सकें। वहीं विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने इस मामले को लेकर रक्षा मंत्री से बात करने का आश्वासन दिया है।
