आज के दिन: नेता विपक्ष राहुल गांधी का भोपाल दौरा, टी20 विश्वकप में पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच मुकाबला
नमस्कार! आज है मंगलवार 24 फरवरी। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 24 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की सप्तमी है। मंगलवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भोपाल के दौरे पर रहेंगे। वहीं, भारत-जापान के संयुक्त सैन्य अभ्यास 'धर्मा गार्डियन 2026' की शुरुआत होगा।
राहुल गांधी का भोपाल दौरा
शुरुआत कांग्रेस नेता राहुल गांधी से। भोपाल में मंगलवार को कांग्रेस की बड़ी किसान सभा होगी। इस सभा में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे। पार्टी अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील का विरोध करते हुए मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगी। कांग्रेस का कहना है कि इस समझौते से सोयाबीन, कपास और मक्का उगाने वाले किसानों को नुकसान होगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
राष्ट्रपति भवन में राजगोपालाचारी प्रदर्शनी
राष्ट्रपति भवन में मंगलवार से राजगोपालाचारी पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी। यह प्रदर्शनी 1 मार्च तक चलेगी। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में 'राजाजी उत्सव' मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन के केंद्रीय प्रांगण में सी. राजगोपालाचारी जी की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ। राजगोपालाचारी स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल थे।
राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन का आयोजन
निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों का मंगलवार को राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन करेगा। यह सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। इसमें निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु और डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहेंगे। इस तरह का सम्मेलन 27 साल बाद होने जा रहा है। पिछला सम्मेलन वर्ष 1999 में हुआ था।
'धर्मा गार्डियन 2026' आयोजन
भारत-जापान का संयुक्त सैन्य अभ्यास 'धर्मा गार्डियन 2026' मंगलवार से शुरू होगा, उत्तराखंड में आयोजित हो रहा ये अभ्यास 9 मार्च तक चलेगा। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त शहरी युद्ध और आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान दोनों सेनाओं के बीच समन्वय बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन का कन्याकुमारी दौरा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन मंगलवार से कन्याकुमारी के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 10 बजे चेन्नई से निजी विमान से रवाना होंगे और थूथुकुडी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। सीएम कन्याकुमारी में सरकारी गेस्ट हाउस के पास 1.45 करोड़ की लागत से निर्मित रजत जयंती स्मारक मेहराब का उद्घाटन करेंगे। यह स्मारक मेहराब ऐतिहासिक स्थल के पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ाने के प्रयासों के अंतर्गत बनाया गया है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
बनभूलपुरा मामले पर सुनवाई
हल्द्वानी के बनभूलपुरा मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यह रेलवे जमीन पर अतिक्रमण से जुड़े मामला है। इसमें 4365 लोगों को 29 एकड़ भूमि से कब्जा हटाने का नोटिस जारी किया गया है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
छत्तीसगढ़ का बजट पेश होगा
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मंगलवार को बजट पेश करेंगे। सोमवार को विधानसभा कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण हुआ। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की अपार संभावनाएं हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
झारखंड का बजट पेश होगा
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार मंगलवार को झारखंड विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। यह बजट सत्र 19 मार्च तक चलेगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
टी20 विश्वकप में पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच मुकाबला
टी20 विश्वकप में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सुपर-8 का मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से पल्लेकेले में खेला जाएगा। इंग्लैंड अपना पहला मैच श्रीलंका से जीत चुका है। वहीं, पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ पहला मुकबला बारिश के चलते रद्द हो गया था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच
मंगलवार को रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच है। यह मुकाबला कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला जाएगा। यह मैच कर्नाटक के केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होगा। कर्नाटक 11 साल बाद रणजी के फाइनल में पहुंचा है। वहीं, जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
भारतीय महिला टीम का ऑस्ट्रेलिया से मैच
भारतीय महिला टीम मंगलवार को ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलेगी। इससे पहले तीन टी20 मैचों की सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम की थी।