सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   India News ›   Assembly Elections in states and Union Territory Assam West Bengal Tamil Nadu Puducherry Kerala news and updat

चुनावी राज्यों में 2021 के नतीजे: असम-बंगाल से तमिलनाडु तक किसे मिली थी कितनी सीटें, किसने कैसे बनाई सरकार?

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Kirtivardhan Mishra Updated Sun, 15 Mar 2026 01:09 PM IST
विज्ञापन
सार
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुदुचेरी में चुनाव तारीखों का एलान आज हो सकता है। पुदुचेरी में विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को बाकी चारों राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। 2021 में पश्चिम बंगाल में टीएमसी, तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन, केरल में वाम दलों के गठबंधन एलडीएफ, असम और पुदुचेरी में एनडीए को जीत मिली थी। 
loader
Assembly Elections in states and Union Territory Assam West Bengal Tamil Nadu Puducherry Kerala news and updat
विधानसभा चुनाव 2026। - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

चुनाव आयोग आज पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का एलान कर सकता है। जिन राज्यों में चुनाव तारीखों का एलान होना है उनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी शामिल हैं। चुनाव तारीखों के एलान से पहले आयोग ने इन राज्यों की मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण भी कराया है। इसके चलते सभी राज्यों में कुल मतदाताओं की संख्या में काफी बदलाव आया है। 


इन चुनावी राज्यों में किस तरह के समीकरण हैं? अभी इन राज्यों में किसकी सरकार है? 2021 के विधानसभा चुनावों में कैसे नतीजे रहे थे? आइये जानते हैं...

चुनावी राज्यों में किस तरह के समीकरण हैं?
जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं उनमें असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी शामिल हैं। 126 सीटों वाली असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई 2026 को खत्म हो रहा है। इसी तरह 140 सीटों वाली केरल विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। 234 सीटों वाली तमिलनाडु की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 10 मई तक ही है। जबकि, 294 विधानसभा सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई को खत्म हो जाएगा। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी की विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को खत्म हो रहा है। 

अभी इन राज्यों में किसकी सरकार है?
असम में इस वक्त भाजपा गठबंधन की सरकार है। भाजपा के हिमंता बिस्व सरमा के हाथ में राज्य की कमान है। हिमंता सरकार को असम गढ़ परिषद, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट का भी समर्थन प्राप्त है। 

केरल में वाम दलों का गठबंधन एलडीएफ सत्ता में है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पिनराई विजयन राज्य के मुख्यमंत्री हैं। विजयन सरकार को तीन निर्दलीय विधायकों के अलावा कुल 11 राजनीतिक दलों के विधायकों का समर्थन प्राप्त है। 

इसी तरह तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन सत्ता में है। द्रविड़ मुनेत्र कझगम (डीएमके) के एमके स्टालिन राज्य के मुख्यमंत्री हैं। स्टालिन सरकार को कांग्रेस, भाकपा, माकपा और वीसीके के विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सत्ता में है। ममता राज्य की मुख्यमंत्री हैं। केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में एनडीए गठबंधन सत्ता में है। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के एन रंगास्वामी राज्य के मुख्यमंत्री हैं। रंगास्वामी सरकार को भाजपा के साथ चार निर्दलियों और तीन मनोनीत विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। 

2021 के विधानसभा चुनावों में कैसे नतीजे रहे थे?

असम
सबसे पहले बात असम विधानसभा की, 2021 के विधानसभा चुनाव में असम की 126 सीटों में से 60 सीटें सत्ताधारी भाजपा ने जीती थीं। वहीं, कांग्रेस के खाते में 29 सीटें गईं थीं। बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआईयूडी एफ को 16 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, असम गढ़ परिषद को नौ, यूपीपीएल को छह,  बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को चार, माकपा को एक सीट पर जीत मिली थी। वहीं, सिबसागर सीट पर निर्दलीय उम्मीदार अखिल गोगोई जीते थे। 



केरल 
 2021 के विधानसभा चुनाव में केरल की 140 विधानसभा सीटों में से 94 वाम दलों के गठबंधन एलडीएफ, 40 सीटें कांग्रेस के गठबंधन यूडीएफ के खाते में गई थीं। शेष छह सीटें निर्दलियों के खाते में गई थीं।  एलडीएफ गठबंधन में सबसे ज्यादा 62 सीटें माकपा को मिली थीं। इसके साथ ही 17 सीटें भाकपा, पांच सीटें केरल कांग्रेस (एम) को मिली थीं। एनसीपी और जेडीएस को दो-दो सीटें और एक-एक सीटें जेकेसी, एलजेडी, कांग्रेस (सेक्युलर), आईएनएल, केरल कांग्रेस (बी) और एनएससी के खाते में गई थीं। यूडीएफ की बात करें तो इस गठबंधन में सबसे ज्यादा 21 सीटें कांग्रेस को मिली थीं। इसके अलावा 15 सीटें आईयूएमएल, केरल कांग्रेस को दो और रेवोल्यूशनरी माक्सिस पार्टी ऑफ इंडिया और केरल कांग्रेस (जैकब) को एक-एक सीट मिली थी। 

तमिलनाडु
2021 के विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की 234 सीटों में से 133 सीटें एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने जीती थीं। डीएमके गठबंधन के खाते में 159 सीटें गईं थीं। डीएमके की 133 सीटों के अलावा उसके सहयोगी कांग्रेस को 18, वीसीके को चार, भाकपा और माकपा को दो-दो सीटें मिलीं थीं। भाजपा का एनडीए गठबंधन 75 सीटें जीतने में सफल रहा था। इस गठबंधन में सबसे ज्यादा 66 सीटें एआईएडीएमके ने जीतीं थीं। इसके अलावा पीएमके को पांच और भाजपा को चार सीटों पर जीत मिली थी।   




पश्चिम बंगाल
2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 2015 सीटें ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के खाते में गईं थीं। वहीं, 77 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। बची दो की बात करें तो दार्जलिंग जिले की कलिम्पोंग सीट पर निर्दलीय रुदेन सदा लेप्चा और दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर राष्ट्रीय सेक्युलर मजलिस पार्टी के मोहम्मद नौसाद सिद्दीकी जीते थे। कांग्रेस और वाम दलों का खाता भी नहीं खुल सका था। 


 

पुदुचेरी
2021 के पुदुचेरी की जिन 30 सीटों पर मतदान हुआ उनमें से 10 सीटें मौजूदा मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी की एआई एनआर कांग्रेस को मिलीं। उनकी सहयोगी भाजपा के खाते में छह सीटें गईं। कांग्रेस डीएमके गठबंधन को आठ सीटों से संतोष करना पड़ा। इनमें से छह सीटों पर डीएमके और दो सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली। छह सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में सफल रहे।  

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed