फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Dimagi Naxal Party gained 1.9 lakh followers overnight on Instagram PM Modi statement sparked digital campaign

CJP के बाद ‘दिमागी नक्सल पार्टी’: रातोंरात जुड़े 1.9 लाख फॉलोअर्स; PM मोदी के बयान से नए डिजिटल कैंपेन को जन्म

Mon, 17 Aug 2026 01:48 PM IST
प्रशांत तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: प्रशांत तिवारी Updated Mon, 17 Aug 2026 01:48 PM IST
सार

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक नया कैंपेन तेजी से चर्चा में आ गया है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बाद अब ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ और ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया अकाउंट सामने आए हैं। इंस्टाग्राम पर इस नाम से बने एक अकाउंट ने महज 24 घंटे में 1.9 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटाकर सुर्खियां बटोरी हैं।

विज्ञापन
Dimagi Naxal Party gained 1.9 lakh followers overnight on Instagram PM Modi statement sparked digital campaign
दिमागी नक्सल पार्टी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के भाषण में 'दिमागी नक्सल' शब्द के इस्तेमाल के बाद सोशल मीडिया पर इस नाम से नया राजनीतिक कैंपेन चर्चा में आ गया है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बाद अब 'दिमागी नक्सल जनता पार्टी' और 'दिमागी नक्सल पार्टी' नाम से अकाउंट सामने आए हैं। इंस्टाग्राम के एक अकाउंट ने 24 घंटे में 1.9 लाख से अधिक फॉलोअर्स जुटाए, जबकि एक्स पर @DNJP_India अकाउंट राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, ध्रुव राठी, कुणाल कामरा और प्रकाश राज जैसे चर्चित चेहरों को फॉलो करता है। अकाउंट इसी महीने बनाया गया और इसके संचालक की पहचान सार्वजनिक नहीं है। इस बीच पी. चिदंबरम समेत विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाओं और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की 'दिमागी नक्सल' की व्याख्या ने इस मुद्दे को राजनीतिक बहस के साथ-साथ सोशल मीडिया की नई लड़ाई में बदल दिया है। 

विज्ञापन


एक्स पर विपक्ष के नेताओं को फॉलो करता है हैंडल
एक्स पर @DNJP_India नाम से मौजूद अकाउंट फिलहाल 15 से ज्यादा अकाउंट्स को फॉलो कर रहा है। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, यूट्यूबर ध्रुव राठी, कॉमेडियन कुणाल कामरा और अभिनेता प्रकाश राज समेत सोशल मीडिया पर चर्चित कई नाम शामिल हैं।
विज्ञापन


लॉन्च होते ही तेजी से बढ़ी लोकप्रियता
'दिमागी नक्सल पार्टी' के नाम से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बनाए गए पेज तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, कैंपेन शुरू होने के एक दिन के भीतर ही इसे 50 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स मिल गए थे। इसके बाद इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या खबर लिख तेजी से बढ़ी और यह आंकड़ा 1.5 लाख के पार पहुंच गया। कुछ रिपोर्टों में इंस्टाग्राम अकाउंट के 24 घंटे के भीतर 1.7 लाख से अधिक फॉलोअर्स हासिल करने की बात कही गई है। इस कैंपेन का स्लोगन 'सोचो, रिसर्च करो, विरोध करो' है, जो इसके जरिए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाने और विरोध की बात को सामने रखता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसी महीने बनाया गया इंस्टाग्राम अकाउंट
इंस्टाग्राम पर मौजूद जानकारी के अनुसार, 'दिमागी नक्सल पार्टी' नाम वाला अकाउंट इसी महीने बनाया गया था। अकाउंट के लॉग से पता चलता है कि इसका यूजरनेम एक बार बदला भी गया है। इस पर अब तक 63 पोस्ट किए जा चुके हैं और अकाउंट करीब 35 लोगों को फॉलो कर रहा है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस अकाउंट या पूरे कैंपेन को संचालित कौन कर रहा है। अकाउंट पर इसके संचालक या किसी आधिकारिक संगठन के बारे में स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है। इसी नाम से इंस्टाग्राम पर कई अन्य अकाउंट भी दिखाई दे रहे हैं।

15 अगस्त के भाषण के बाद शुरू हुआ कैंपेन
‘दिमागी नक्सल पार्टी’ की चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस भाषण के बाद तेज हुई। लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सशस्त्र नक्सलवाद के कमजोर पड़ने का जिक्र किया और चेतावनी दी कि अब देश को ‘दिमागी नक्सलियों’ से भी सतर्क रहने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने क्या कहा था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा,'भले ही जंगल में हथियार उठाने वाले नक्सल खत्म हो गए हों, लेकिन दिमागी नक्सल अब भी मौके की तलाश में हैं। वे हिंसा के तरीके ढूंढ रहे हैं और देश को गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें अलग-थलग किया जाना चाहिए।' प्रधानमंत्री ने अपने बयान में किसी खास संगठन या समूह का नाम नहीं लिया था। हालांकि, 'दिमागी नक्सल' टिप्पणी के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई और विपक्षी नेताओं ने इसे लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया।

विपक्ष का पलटवार, पी. चिदंबरम बोले- 'गर्व है'
प्रधानमंत्री के बयान के बाद विपक्षी नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम समेत कुछ नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर सरकार उन्हें 'दिमागी नक्सल' कहती है, तो उन्हें इस संबोधन पर गर्व है। इस राजनीतिक बयानबाजी के बीच सोशल मीडिया पर 'दिमागी नक्सल पार्टी' के नाम से शुरू हुआ कैंपेन चर्चा का नया केंद्र बन गया। जिस तरह इससे पहले 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नाम से सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक कैंपेन चर्चा में आया था, उसी तरह अब 'दिमागी नक्सल' शब्द को लेकर नया डिजिटल अभियान दिखाई दे रहा है।


ये भी पढ़ें: Jharkhand: छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी का CM हेमंत को पत्र, बोले- युवा देश का भविष्य, उनकी मांगें जायज

किरेन रिजिजू ने बताई 'दिमागी नक्सल' की परिभाषा
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के मायने समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस शब्द का इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया गया है जो माओवादियों का समर्थन करते हैं, भारतीय संविधान को नहीं मानते और अलगाववादियों के साथ खड़े होते हैं। रिजिजू के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 का समर्थन करने वाले और भारत के पूर्वोत्तर हिस्से को देश के बाकी हिस्सों से अलग करने के लिए 'चिकन नेक' को काटने की साजिश का समर्थन करने वाले लोग भी इस श्रेणी में आते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed