फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Don't try to teach Punjabis to how fight Diljit Dosanjh responds CJP Abhijeet Dipke distanced himself movement

सीजेपी आंदोलन से बनाई थी दूरी: अब दिलजीत दोसांझ ने आलोचकों को दिया जवाब: कहा- पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ

Sat, 31 Oct 2026 09:47 AM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली Published by: प्रशांत तिवारी Updated Sat, 31 Oct 2026 09:47 AM IST
सार

दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ऑरा इंडिया टूर की धमाकेदार शुरुआत की। शानदार गानों और ड्रोन शो के बीच उन्होंने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।

विज्ञापन
Don't try to teach Punjabis to how fight Diljit Dosanjh responds CJP Abhijeet Dipke distanced himself movement
दिलजीत दोसांझ - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पंजाबी गानों की धुन, हजारों फैंस का जोश और आसमान में चमकती आतिशबाजी... शुक्रवार की शाम दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम दिलजीत दोसांझ के नाम रहा। अपने 'ऑरा इंडिया टूर' की शुरुआत करने पहुंचे दिलजीत ने ऐसा समां बांधा कि पूरा स्टेडियम उनके गानों पर झूम उठा। हालांकि, इस शाम की सबसे ज्यादा चर्चा उनके गानों के साथ-साथ उस बयान की भी रही, जो उन्होंने अपने आलोचकों को दिया। दिलजीत ने साफ शब्दों में कहा, "पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।" उनका यह बयान सुनते ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

विज्ञापन


कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ शानदार शो
दिल्ली में दिलजीत के इस कॉन्सर्ट को लेकर पहले काफी असमंजस था। त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में कार्यक्रम की अनुमति रोक दी थी। हालांकि, आयोजकों ने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को संभालने की पूरी योजना पुलिस के सामने रखी। इसके बाद कार्यक्रम को हरी झंडी मिल गई। शुक्रवार को स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सैकड़ों सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और आधी रात तक आसपास के इलाकों में यातायात पर पाबंदियां भी लागू रहीं।
विज्ञापन


'पंजाबी आ गए ओए' की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे फैंस
कॉन्सर्ट को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में फैंस ट्रैफिक की परेशानी से बचने के लिए मेट्रो से स्टेडियम पहुंचे। कई लोग 'पंजाबी आ गए ओए' लिखी टी-शर्ट पहनकर आए थे, तो कुछ दिलजीत के विदेशी कार्यक्रमों वाले खास अंदाज में नजर आए। स्टेडियम में पंजाबी रंग और गहरा करने के लिए एक खास इंतजाम भी किया गया था। यहां आने वाले लोगों को मुफ्त में पगड़ी बांधी जा रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


चांद के सामने से हुई दिलजीत की एंट्री
कार्यक्रम की शुरुआत शानदार लाइट शो से हुई। इसके बाद दिलजीत की एंट्री ने सबका ध्यान खींच लिया। वह चांद की खूबसूरत आकृति के सामने एक ऊंचे प्लेटफॉर्म पर नजर आए, जो धीरे-धीरे स्टेज की ओर नीचे आया। आतिशबाजी के बीच सफेद कपड़ों और काले चश्मे में पहुंचे दिलजीत ने 'कहंदे सोनिए' गाने से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद '5 तारा', 'डू यू नो' और 'पटियाला पेग' जैसे हिट गानों पर फैंस जमकर थिरके। 'डू यू नो' गाने के दौरान तो पूरा स्टेडियम एक साथ गाता सुनाई दिया। उन्होंने पंजाबी लोकगीत 'लौंग गवाचा' भी अपने अंदाज में पेश किया।




फैंस से किया प्यार का इजहार, महिला को स्टेज पर बुलाया
दिलजीत पूरे कार्यक्रम के दौरान अपने फैंस से बातचीत करते रहे। जब भीड़ से कोई 'आई लव यू' कहता तो वह भी मुस्कुराकर जवाब देते, 'आई लव यू टू।' पुराने गानों के शौकीन लोगों के लिए उन्होंने 'काली तेरी' गाया। इस दौरान एक महिला फैन को स्टेज पर बुलाया और उनके साथ डांस भी किया। बाद में उन्हें गिफ्ट हैम्पर दिया। दिलजीत ने 'सांसों की माला' और 'खुदा गवाह' जैसे गाने भी सुनाए।

CRPF की जवान को स्टेज पर बुलाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के बीच दिलजीत ने सीआरपीएफ की एक महिला जवान को स्टेज पर बुलाया और उनकी सेवा के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगर जवान हमारी सुरक्षा के लिए तैनात नहीं होंगे तो हम खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएंगे। दिलजीत ने जवान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें देखकर ऐसा लगा, जैसे उनकी मां सामने खड़ी हों। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पहले उनकी मां ने भी फोन करके उन्हें अपना ख्याल रखने की सलाह दी थी।

'पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ'
लगातार गाने गाने के बाद दिलजीत ने कुछ देर रुककर अपने आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'मैं सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक कलाकार हूं।' इसके बाद उन्होंने कहा, 'पंजाबियों को लड़ाई लड़ना मत सिखाओ।' दरअसल, यह बयान कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व वाले छात्र विरोध प्रदर्शन से दूरी बनाने को लेकर हुई आलोचना के संदर्भ में था। उन्होंने अपनी फिल्म 'सतलुज' का जिक्र करते हुए कहा कि इस फिल्म का मजाक उड़ाया गया, जबकि इसे बनाने के लिए काफी लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। लंबे इंतजार के बाद इस साल इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में इसे हटा लिया गया।


ड्रोन शो के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कॉन्सर्ट में दिलजीत ने 'GOAT', 'बॉर्न टू शाइन', 'किन्नी किन्नी', 'रांझा' और 'रोग' जैसे गानों से माहौल बनाया। फिल्म 'भूल भुलैया 3' का गाना 'हरे कृष्णा हरे राम' भी सुनाया। इसके अलावा 'इश्क दी बाजियां', 'इक्क कुड़ी' और फिल्म 'क्रू' का 'नैना' जैसे रोमांटिक गानों से भी फैंस का मनोरंजन किया। कार्यक्रम का अंत उन्होंने अपनी फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' के गाने 'मैं हूं पंजाब' से किया। इसके बाद आसमान में शानदार ड्रोन शो हुआ। ड्रोन की रोशनी से 'पंजाबी आ गए ओए' और 'आई एम आर्टिस्ट ब्रो' जैसे संदेश बनाए गए।

ये भी पढ़ें: खरगे आवास पर सीईसी के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग आज, कल महारैली; राहुल-अखिलेश समेत कई नेता होंगे शामिल

20 दिसंबर तक देशभर में करेंगे कार्यक्रम
शो खत्म होने के बाद दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर दिल्ली के फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम आयोजित करने में कई मुश्किलें आईं। उनके मुताबिक, वह दुनियाभर में शो करते हैं, लेकिन भारत में कार्यक्रम शुरू होते ही उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान बारिश होने लगी थी, जिसके बाद उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि कुछ घंटों के लिए बारिश रुक जाए। दिलजीत ने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि वह 20 दिसंबर तक भारत में लगातार कार्यक्रम करेंगे। उनके आने वाले शो इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, चंडीगढ़ और कोलकाता समेत कई शहरों में होंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed