{"_id":"6a8011a6d31e44da550f5755","slug":"four-people-died-and-five-army-soldiers-went-missing-following-landslides-and-flash-floods-arunachal-pradesh-2026-08-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"अरुणाचल में आसमान से आफत: लैंडस्लाइड और सैलाब ने मचाई तबाही, चार की मौत; सेना के पांच जवान लापता","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अरुणाचल में आसमान से आफत: लैंडस्लाइड और सैलाब ने मचाई तबाही, चार की मौत; सेना के पांच जवान लापता
Sat, 15 Aug 2026 12:45 PM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, ईटानगर
पीटीआई, ईटानगर
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Sat, 15 Aug 2026 12:45 PM IST
सार
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से सेना के दो शेल्टर बह गए, जिससे सेना के पांच जवान लापता हो गए। वहीं, अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए बड़े लैंडस्लाइड में चार लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण दो अलग-अलग हादसों में बड़ा नुकसान हुआ है। अपर सुबनसिरी में सड़क निर्माण स्थल पर लैंडस्लाइड से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दिबांग वैली में अचानक आई बाढ़ से सेना के दो शेल्टर बह गए और पांच जवान लापता हो गए। दोनों घटनाओं में बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
शुक्रवार शाम को हुईं घटनाएं
राज्य के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम को हुईं। अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर भारी लैंडस्लाइड हुआ। अचानक बड़ी मात्रा में मलबा गिरने से कई लोग उसके नीचे दब गए। मलबे में दबे लोगों में से चार टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली की मौत की खबर है। अपर सुबनसिरी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है। अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
विज्ञापन
पुलिस, फायर सर्विस और SDRF की टीमें जुटीं
लैंडस्लाइड के बाद खोज और बचाव अभियान के लिए नाचो पुलिस स्टेशन के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है। डपोरिजो से फायर एंड इमरजेंसी सर्विस के जवानों को भी घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। इसके अलावा स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की एक टीम भी राहत और बचाव अभियान में मदद करेगी।
विज्ञापन
दिबांग वैली में बाढ़ ने सेना के कैंप को चपेट में लिया
दिबांग वैली जिले में शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने पाशु पानी आर्मी कैंप में तबाही मचा दी। बाढ़ के तेज बहाव में 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए। अधिकारियों के मुताबिक, अचानक आई बाढ़ सेना के सात जवानों को अपने साथ बहा ले गई। इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अब भी लापता हैं।
पांच जवानों की तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन
लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र और सेना के जवान कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा के रूप में हुई है। उनकी तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज और बचाव टीमें पहले ही घटनास्थल पर तैनात की जा चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: 'भारत को विश्वगुरु बनाना है तो चुनौतियों से लड़ना होगा': स्वतंत्रता दिवस पर बोले RSS प्रमुख; और क्या कहा?
ITBP और सेना की इंजीनियरिंग टीम भी अभियान में शामिल
लापता जवानों की तलाश के लिए ITBP की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 RCC, स्थानीय स्वयंसेवकों और अरुणाचल प्रदेश पुलिस के जवानों की टीमें घटनास्थल पर भेजी गई हैं। पासीघाट से SDRF की एक टीम भी बचाव अभियान में शामिल होने के लिए अनिनी जा रही है।