Salim Dola: भारत लाया गया दाऊद का गुर्गा सलीम डोला, दिल्ली में हो रही पूछताछ; शाह बोले- NCB की बड़ी कामयाबी
सलीम डोला, जो दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है, उसे तुर्किये से गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित किया गया। इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के बाद हुए संयुक्त ऑपरेशन में उसे दिल्ली लाया गया। वह करीब 5000 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा था। अब उससे पूछताछ जारी है और मामला एनसीबी को सौंपा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात ड्रग तस्कर और भगोड़े आतंकी दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को बीते दिनों तुर्किये के इस्तांबुल में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद अब उसे भारत को प्रत्यर्पित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के बाद हुई है। मंगलवार तड़के एक विशेष विमान से उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया, जहां भारतीय खुफिया एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया। अब उससे दिल्ली में पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच के लिए उसे मुंबई स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंपा जाएगा।
बता दें कि सलीम डोला को हाल ही में तुर्किये के इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था, जो भारत की एजेंसियों के अनुरोध पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने जारी करवाया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, डोला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा था, जिसका कारोबार लगभग 5000 करोड़ रुपये तक फैला हुआ था। यह नेटवर्क नशे के पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था।
शाह बोले- एनसीबी की बड़ी कामयाबी
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि नशे के कारोबार और ड्रग तस्करी के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। उन्होंने लिखा कि ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ जीरो टॉलरेंस यानी किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को तुर्किये से वापस भारत लाने में कामयाबी पाई है।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में ड्रग माफिया और कार्टेल को पूरी तरह खत्म करने का मिशन चल रहा है। इसके लिए भारत की एजेंसियां अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत नेटवर्क के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब ड्रग तस्करों के लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है, चाहे वे दुनिया के किसी भी कोने में छिप जाएं, कानून से बचना मुश्किल होगा।
ये भी पढ़ें:- ISRO का बड़ा फैसला: अब आम भारतीय भी बन सकेंगे अंतरिक्ष यात्री, गगनयान मिशन के बाद मिलेगा स्पेस जाने का मौका
पिछले कुछ महीनों की कार्रवाई में टूटी कमर
पिछले कुछ महीनों में इस नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई हो रही है। जून 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला को भी संयुक्त अरब अमीरात से भारत लाया गया था। इसके अलावा उसके एक और सहयोगी को भी दुबई से प्रत्यर्पित कर गिरफ्तार किया गया था। एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क के जरिए कमाए गए पैसों का इस्तेमाल देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में किया जाता था। इसलिए इसे आतंकवाद से भी जुड़ा हुआ एक वित्तीय नेटवर्क माना जा रहा है।
मुंबई में जन्मा सलीम कैसे बना दाऊद का गुर्गा?
सलीम डोला का जन्म 1966 में मुंबई में हुआ था। शुरुआत में वह छोटे अपराधों और अवैध कारोबार से जुड़ा, लेकिन बाद में वह दाऊद इब्राहिम के करीबी छोटा शकील के संपर्क में आया और बड़े ड्रग नेटवर्क का हिस्सा बन गया। उसने पहले गुटखा और फिर गांजे की तस्करी शुरू की थी। 2012 में उसे एनसीबी ने गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में वह रिहा हो गया। इसके बाद उसने सिंथेटिक ड्रग्स का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया, जिसमें फेंटानिल आधारित नशीले पदार्थ शामिल थे।
ये भी पढ़ें:- अमेरिका दौरे पर किंग चार्ल्स- III: आज US कांग्रेस को करेंगे संबोधित; राष्ट्रपति ट्रंप से भी होगी मुलाकात
2018 में उसे फिर गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद जमानत मिलने पर वह भारत से भागकर संयुक्त अरब अमीरात चला गया। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सलीम डोला की गिरफ्तारी दाऊद नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है और इससे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X