Maharashtra: 'सरकारी महिला कर्मचारियों को नहीं लेना चाहिए लाडकी बहिन योजना का लाभ', बोले चंद्रशेखर बावनकुले
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि लाडकी बहिन योजना गरीब महिलाओं के लिए है। लेकिन इसका कुछ सरकारी महिला कर्मचारियों ने गलत लाभ लिया, उनसे ₹1,500 की वसूली होगी। साथ ही बावनकुले ने यह भी कहा कि इस मामले में अब जांच भी शुरू हो गई है।
विस्तार
महाराष्ट्र में सत्तारूढ महायुति सरकार की तरफ से महिलाओं के लिए चलाई जाने वाली लाडकी बहिन योजना हमेशा से ही चर्चा में रही है। इसी बीच महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को इस योजना को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि लाडकी बहिन योजना का लाभ सिर्फ गरीब महिलाओं के लिए है, सरकारी महिला कर्मचारियों को इस योजना का लाभ नहीं लेना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि कुछ सरकारी महिला कर्मचारियों ने गलत तरीके से योजना का लाभ उठाया है, जबकि वे इसके लिए पात्र नहीं हैं। सरकार ऐसे मामलों में ₹1,500 की राशि वापस लेगी, और कुछ विभागों ने जांच भी शुरू कर दी है। बता दें कि यह योजना महाराष्ट्र में भाजपा सरकार की प्रमुख योजना है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,500 की आर्थिक सहायता दी जाती है।
ये भी पढ़ें:- Army: सेना ने अगली पीढ़ी की रक्षा प्रणालियों का युद्ध जैसे हालात में किया परीक्षण; तकनीक को मजबूत करना मकसद
शरद पवार के बयान पर भी दी सफाई
बावनकुले ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी के कुछ लोग अजित पवार की पार्टी में विलय चाहते हैं। बावनकुले ने कहा कि ऐसी कोई चर्चा नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य एनसीपी प्रमुख सुनील तटकरे ने भी यही बात कही है, इसलिए इस पर भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें:- Maharashtra: आदित्य ठाकरे ने की एकनाथ शिंदे को हटाने की मांग, MMRDA की दो परियोजनाएं रद्द होने पर जांच की मांग