Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Iran Allows Indian Ships to Transit Strait of Hormuz China, Iraq and Qatar Also Get Exemption

भारतीय जहाजों को होर्मुज से जाने की छूट: ईरान ने चीन समेत इन देशों को भी दी राहत, क्या अमेरिका से टलेगा युद्ध?

Wed, 04 Nov 2026 05:45 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 04 Nov 2026 05:45 PM IST
सार

ईरान ने भारत समेत चीन, इराक और कतर के जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की छूट दी है। ईरानी अधिकारी के मुताबिक, भारत को दवाइयों के आयात के लिए यह राहत मिली है। दूसरी तरफ अमेरिका के साथ युद्ध की आशंका बढ़ रही है और कतर बातचीत की कोशिश कर रहा है। क्या भारत के जहाजों की आवाजाही सुरक्षित रहेगी? क्या कतर की मध्यस्थता से युद्ध टल पाएगा? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Iran Allows Indian Ships to Transit Strait of Hormuz China, Iraq and Qatar Also Get Exemption
होर्मुज से भारत के जहाजों को गुजरने की अनुमति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर है। ईरान सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से आने-जाने की छूट दी गई है। ईरान ने भारत के अलावा चीन, इराक और कतर के जहाजों को भी अपने प्रतिबंधों से बाहर रखा है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोगद्दम ने कहा कि इन चार देशों के जहाज बिना किसी रोक-टोक के इस समुद्री रास्ते से गुजर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत को यह छूट दवाइयों के आयात को ध्यान में रखकर दी गई है। वहीं, चीन को यह सुविधा राजनीतिक समर्थन के बदले दी गई है। इस बीच ईरान के भीतर अमेरिका के साथ फिर से युद्ध शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई बड़े नेता कतर की मध्यस्थता से बातचीत का रास्ता अपनाने के पक्ष में हैं।

विज्ञापन


ईरान ने भारत समेत चार देशों के जहाजों को क्या छूट दी?
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोगद्दम ने कहा कि भारत, चीन, इराक और कतर को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की विशेष अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि इन देशों के जहाज ईरान की तरफ से स्वतंत्र हैं और इस समुद्री रास्ते से आ-जा सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका को भी इन देशों के जहाजों की आवाजाही से कोई समस्या नहीं है। हयात-मोगद्दम ने कहा कि भारत को यह छूट इसलिए दी गई है, ताकि वह दवाइयों का आयात कर सके। चीन के मामले में उन्होंने राजनीतिक समर्थन को इसकी वजह बताया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि चीन के साथ आर्थिक लेनदेन भी जारी है। ईरान के इस बयान से भारतीय जहाजों के लिए होर्मुज के रास्ते व्यापार और जरूरी सामान की आपूर्ति जारी रखने की संभावना मजबूत हुई है।
विज्ञापन


होर्मुज जलडमरूमध्य भारत के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों?
होर्मुज जलडमरूमध्य पश्चिम एशिया का बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है। इसके जरिए दुनिया के कई देशों तक ऊर्जा और व्यापार से जुड़ा सामान पहुंचता है। भारत के लिए भी यह रास्ता रणनीतिक और आर्थिक रूप से अहम है। इस मार्ग पर किसी तरह की रोक या तनाव का असर समुद्री व्यापार और जरूरी सामान की आपूर्ति पर पड़ सकता है। ईरान की ओर से भारतीय जहाजों को छूट देने की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की आशंका बढ़ रही है। ईरान का कहना है कि भारत को दवाइयों के आयात में परेशानी न हो, इसलिए उसके जहाजों को आवाजाही की अनुमति दी गई है। हालांकि, यह छूट ईरान की ओर से दी गई है और इससे सभी देशों के जहाजों के लिए रास्ता खुलने का संकेत नहीं मिलता।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्या अमेरिका और ईरान के बीच फिर शुरू हो सकता है युद्ध?
ईरान के भीतर मौजूदा हालात को लेकर सैन्य और राजनीतिक स्तर पर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। ईरान के आंतरिक आकलन में अमेरिका के साथ सीधे युद्ध दोबारा शुरू होने की आशंका को सबसे संभावित स्थिति माना जा रहा है। सैन्य रणनीतिकार भी शांति बनाए रखने को लेकर आशंकित हैं। उनका मानना है कि अमेरिकी सेना के साथ फिर से टकराव हो सकता है। हालांकि, ईरान के शीर्ष राजनीतिक नेता इस स्थिति को बातचीत के जरिए संभालना चाहते हैं। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सैन्य नेतृत्व से कतर की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर सकारात्मक तरीके से विचार करने की सलाह दी है। इन नेताओं का मानना है कि कूटनीतिक बातचीत से संघर्ष को रोका जा सकता है।


कतर की मध्यस्थता से क्या अमेरिका और ईरान के बीच निकलेगा रास्ता?
ईरान और अमेरिका के बीच संभावित संघर्ष को रोकने के लिए कतर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। कतर के प्रतिनिधि हाल ही में प्रस्ताव लेकर तेहरान पहुंचे थे। उनका उद्देश्य लंबी बातचीत करना नहीं, बल्कि प्रस्तावित समझौते पर ईरान का आधिकारिक और अंतिम जवाब लेना था। ईरान के राजनीतिक नेतृत्व ने सैन्य अधिकारियों से इस प्रस्ताव पर रचनात्मक तरीके से विचार करने को कहा है। हालांकि, सैन्य नेतृत्व अभी भी इस समझौते को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। एक तरफ राजनीतिक नेता बातचीत के जरिए तनाव कम करना चाहते हैं, वहीं सैन्य रणनीतिकार अमेरिका के साथ दोबारा टकराव की आशंका को ज्यादा गंभीर मान रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ईरान का रुख काफी महत्वपूर्ण होगा। भारत के लिए भी यह घटनाक्रम अहम है, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और दवाइयों की आपूर्ति क्षेत्र में शांति बने रहने पर निर्भर करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed