Maharashtra News: समाजवादी नेता बाबा आधारव ICU में भर्ती; गोंदिया में बस-ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई। आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दुर्घटना बृहस्पतिवार की आधी रात को राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर देवरी तहसील के धोबिसारद गांव के पास हुई। छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र के चंद्रपुर जा रही निजी बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। पुलिस के अनुसार, रात 12:20 बजे हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बस में 45 यात्री सवार थे। अंधेरा होने के कारण बस ड्राइवर चंद्रशेखर चौधरी खड़े ट्रक को देख नहीं पाया। पुलिस अधिकारी मुकेश राठौड़ ने बताया कि ट्रक ईंधन खत्म होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। मरने वालों में छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ की सुनीता हेमलाल बघेले (45) और कवर्धा के मनोज बबलू पटले (40) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में बस ड्राइवर के दोनों पैर टूट गए हैं।
किसी धर्म में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रार्थना अनिवार्य नहीं : हाईकोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति देने के अनुरोध से संबंधित एक मस्जिद की याचिका खारिज करते हुए कहा कि उसे धार्मिक कार्यों को अधिकार का मामला बताकर लाउडस्पीकर इस्तेमाल करने का हक नहीं है। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी धर्म में ध्वनि उपकरणों का इस्तेमाल करके या ढोल बजाकर प्रार्थना करने का आदेश नहीं है। जस्टिस अनिल पंसारे और जस्टिस राज वाकोड़े की पीठ ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा बार-बार सामने आ रहा है। अदालत ने स्वत: संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र सरकार को एक प्रभावी समाधान प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अदालत ने एक दिसंबर के आदेश में गोंदिया जिले की मस्जिद गौसिया की याचिका खारिज कर दी, जिसमें नमाज के लिए लाउडस्पीकर उपयोग करने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया है। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता यह दिखाने के लिए कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका कि लाउडस्पीकर का उपयोग उनके धार्मिक कार्यों के लिए अनिवार्य है। लिहाजा याचिका खारिज की जाती है।
मुंबई में तीन दुर्लभ पैलिड स्कॉप्स उल्लू रेस्क्यू; इलाज के बाद जंगल में छोड़े जाएंगे
मुंबई में तीन दुर्लभ पैलिड स्कॉप्स उल्लुओं को अलग-अलग जगहों से बचाया गया है। वन विभाग और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों की निगरानी में तीनों का इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्वस्थ होने के बाद इन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।
वन्यजीव एनजीओ RAWW के संस्थापक पवन शर्मा ने बताया कि मुंबई में यह प्रजाति बेहद दुर्लभ है। पिछले 10 वर्षों में इसके केवल दर्जन भर बार ही दर्शन दर्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि तीनों उल्लुओं को खार, चेंबूर और RAWW के रिहैब क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। शर्मा ने कहा वन विभाग के सहयोग से इन दुर्लभ उल्लुओं का इलाज और पुनर्वास किया जा रहा है। पूरी तरह स्वस्थ होने पर इन्हें जंगल में वापस छोड़ दिया जाएगा।
2026 के अंत तक इंदू मिल में अंबेडकर मेमोरियल पूरा करने की पूरी कोशिश: सीएम फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई के दादर स्थित इंदू मिल में बनने वाले भव्य डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल को 2026 के अंत तक पूरा करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। वे यह बात संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर की 69वीं महापरिनिर्वाण दिवस पर 'चेत्यभूमि' में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। फडणवीस ने बताया कि मेमोरियल का निर्माण कार्य जारी है और सरकार इसे तय समय पर पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह परियोजना 4.84 हेक्टेयर जमीन पर विकसित की जा रही है, जिसका भूमिपूजन 11 अक्तूबर 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 1.51 करोड़ ठगे, 3 जालसाज गिरफ्तार
साइबर अपराधियों ने पुलिस बनकर एक व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर उससे 1.51 करोड़ रुपये ठग लिए। नागपुर पुलिस ने मामले में तीन संदिग्ध जालसाजों को गुजरात से गिरफ्तार किया है।
धोखाधड़ी करने वालों ने पीड़ित को व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया। उन्होंने पीड़ित के बैंक खाते से आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन के लेन-देन का झूठा दावा किया। जालसाजों ने पीड़ित को गिरफ्तार करने की धमकी दी और जांच के नाम पर कई खातों में 1.51 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। साइबर पुलिस ने पैसों के लेन-देन का पता लगाते हुए आरोपी चिराग मुकेश गोहेल (24), हेत विपुल पंचमिया (20), और शमा अरशद परमार (51) को राजकोट से गिरफ्तार किया है।
समाजवादी नेता बाबा आधारव की हालत नाज़ुक, ICU में भर्ती
पुणे में समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता और सामाजिक कार्यकर्ता बाबा आधारव की तबीयत बिगड़ गई है। उनके परिवार के मुताबिक, उन्हें अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है और उनकी स्थिति गंभीर है। परिवार ने बताया कि बाबा आधारव पिछले दस दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं और कार्डियोलॉजिस्ट समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है, हालांकि हालत अभी स्थिर लेकिन नाज़ुक बताई जा रही है। परिजनों का कहना है हम सभी से अनुरोध करते हैं कि कोई भी अफवाह न फैलाएं और न ही उन पर विश्वास करें। बाबा आधारव की सेहत से जुड़ी सही जानकारी केवल परिवार या अधिकृत स्रोतों से ही लें। बाबा आधारव की हालत जानने के लिए एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और कई अन्य राजनीतिक नेता पुणे के पोना अस्पताल पहुंचे।
स्कूल में नशे में धुत शिक्षक का डांस वीडियो वायरल
नांदेड़ जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें शिक्षक कथित तौर पर नशे में धुत दिखाई दे रहा है और कक्षा में नाचते हुए छात्रों को डांटता-गाली देता नजर आ रहा है। यह घटना माहूर तहसील के शेगापुर गांव स्थित जिला परिषद स्कूल की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वीडियो शुक्रवार को कुछ ग्रामीणों ने रिकॉर्ड किया था। अभी तक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।
ठाणे: फर्जी अधिकारी बनकर वरिष्ठ नागरिक से 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी
ठाणे के नौपाड़ा इलाके में 64 वर्षीय व्यवसायी को साइबर अपराधियों ने डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड अधिकारी और नासिक पुलिस बनकर 1.25 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बना दिया। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच पीड़ित को लगातार फोन आते रहे। पहले कॉलर ने खुद को डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया का अधिकारी बताते हुए कहा कि पीड़ित के नाम पर नासिक में अवैध सिम कार्ड जारी कर धमकी देने में इस्तेमाल किया गया है और इस मामले में पंचवटी थाने में केस दर्ज है।
इसके बाद ठगों ने नासिक पुलिसकर्मी बनकर कॉल किया और दावा किया कि पीड़ित के आधार कार्ड से नासिक में एक बैंक खाता खोला गया है, जिसका उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग में हो रहा है, जिसके चलते राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। डराकर और धमकाकर ठगों ने पीड़ित से 1,25,50,280 रुपये कई खातों में ट्रांसफर करा लिए। डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया, जो डीपीडीपी अधिनियम 2023 के तहत बना है, हाल ही में स्थापित हुआ है और डेटा चोरी व प्राइवेसी उल्लंघन पर कार्रवाई करता है। मामले में धारा 318(4) और 319(2) सहित IT एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
क्लस्टर री-डेवलपमेंट पर अफवाहों से बचे- शिंदे का नागरिकों को संदेश
ठाणे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों से अपील की है कि वे क्लस्टर री-डेवलपमेंट योजना को लेकर फैलाए जा रहे किसी भी तरह के प्रचार या अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने साफ कहा कि 2022 तक जिन सभी पात्र लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, उन्हें इस योजना के तहत घर मिलना तय है। शिंदे ठाणे में कई विकास कार्यों के भूमिपूजन और उद्घाटन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर इस योजना को लेकर भ्रम फैला रहे हैं।
शिंदे ने कहा झूठी बातों के जाल में न फंसें। अपनी आंख-कान खुली रखें और हमारी बातों पर भरोसा करें। हमारी पहली प्राथमिकता नागरिकों की सुविधा है। क्लस्टर स्कीम में बेहतर प्लानिंग, आधुनिक सुविधाएं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल है, जो शहर के लंबे समय के विकास के लिए फायदेमंद है। उन्होंने आगे बताया कि ठाणे में मेट्रो नेटवर्क, आंतरिक मेट्रो, सड़क चौड़ीकरण, टनल कनेक्टिविटी और आने वाला कोस्टल रोड जैसे बड़े प्रोजेक्ट शहर की तस्वीर बदल रहे हैं। शिंदे ने दावा किया कि ये सभी प्रोजेक्ट ठाणे को मुंबई के एक स्वच्छ और सुगम विस्तार के रूप में विकसित करेंगे। कोस्टल रोड बनने के बाद यहां के ट्रैफिक जाम की समस्या लगभग खत्म हो जाएगी।