सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Hindi Updates Mumbai Pune Mumbai Metro bribery case And other News in hindi

Maharashtra: पुणे में चाकू घोंपकर युवक की हत्या; तकनीकी खराबी के बाद मुंबई मेट्रो लाइन-1 की सेवाएं बाधित

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: लव गौर Updated Tue, 04 Nov 2025 12:51 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Hindi Updates Mumbai Pune Mumbai Metro bribery case And other News in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एक सामुदायिक भवन विवाद को सुलझाने के लिए कथित तौर पर 2.30 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मुंबई के दो पुलिस अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत सरोदे और सहायक पुलिस निरीक्षक राहुल वाघमोड़े को बर्खास्त करने का आदेश महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला ने 30 अक्तूबर को संविधान के अनुच्छेद 311 (2) के तहत जारी किया था।
Trending Videos


बर्खास्त पुलिस अधिकारी अपनी बर्खास्तगी के खिलाफ बॉम्बे उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकते हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 26 सितंबर को वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में सरोदे और वाघमोड़े को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुणे: पकड़ा गया नाबालिग की जान लेने वाला तेंदुआ 
पुणे जिले के शिरूर तहसील में घूम रहे एक तेंदुए को मंगलवार को पकड़ लिया गया। यह वही इलाका है जहां दो दिन पहले 13 साल के एक लड़के की जान तेंदुए के हमले में चली गई थी। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जो तेंदुआ पकड़ा गया है, उसी ने उस लड़के और हाल के दिनों में दो अन्य लोगों पर हमला किया था या नहीं। महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए को गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा पुनर्वास केंद्र भेजा जा सकता है। 

वन विभाग ने उस तेंदुए को देखते ही मार देने का आदेश जारी किया था, जिस पर शंका थी कि उसने पिछले कुछ हफ्तों में शिरूर तहसील में तीन लोगों की जान ली है, जिनमें 13 वर्षीय रोहन भी शामिल था। जुन्नर वन प्रभाग की सहायक वन संरक्षक स्मिता राजहंस ने बताया, हमने करीब पांच-छह साल के नर तेंदुए को पिम्परखेड इलाके से पकड़ा है। यह तेंदुआ हमारे लगाए गए पिंजरे में खुद ही फंस गया। 

रविवार को रोहन की मौत इस तेंदुए के हमले में हुई, जो एक महीने में इंसान पर तीसरा हमला था। माना जा रहा है कि यह सभी हमले एक ही तेंदुए ने किए थे। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और वन विभाग के एक गश्ती वाहन को आग के हवाले कर दिया।

जुन्नर, आंबेगांव और शिरूर जैसे तेंदुआ प्रभावित इलाकों के लोगों ने सोमवार को पुणे-नासिक राजमार्ग पर अवसारी के पास 'रास्ता रोको' आंदोलन किया। उनका कहना था कि तेंदुए के लगातार हमलों से उनकी जान को खतरा है।

अबू जुंदाल की याचिका खारिज, 26/11 मुंबई हमले में दोबारा शुरू होगा ट्रायल
बॉम्बे हाईकोर्ट ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल की याचिका खारिज कर दी है, जिसमें उसने अपनी गिरफ्तारी से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों की मांग की थी। सोमवार को सुनाए अपने फैसले में हाईकोर्ट ने कहा कि दस्तावेजों की मांग केवल फिशिंग एंड रोविंग इंक्वायरी (बिना आधार की जांच) जैसी है।

जस्टिस आरएन लड्ढा की पीठ ने दिल्ली पुलिस, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की याचिकाओं को स्वीकार करते हुए ट्रायल कोर्ट का 2018 का आदेश रद्द कर दिया। इस आदेश के कारण बीते छह वर्षों से ट्रायल रुका हुआ था, जिसके अब दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया। जुंदाल ने अपनी गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेज जैसे पासपोर्ट, फ्लाइट मैनिफेस्ट और इमिग्रेशन रिकॉर्ड मांगे थे। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अपनी दलील में कहा कि ये दस्तावेज ट्रायल से संबंधित नहीं हैं और सिर्फ कार्यवाही को भटकाने की कोशिश है।

पाकिस्तानी आतंकियों को प्रशिक्षण देने का आरोप
36 पन्नों के अपने आदेश में हाईकोर्ट ने कहा, जब आरोपी कानूनी हिरासत में है, तब गिरफ्तारी की जगह का कोई महत्व नहीं रहता। आरोपी जुंदाल की मांग देरी से की गई और न्यायिक प्रक्रिया को बाधित करने वाली है। अबू जुंदाल पर आरोप है कि उसने 26/11 हमले के पाकिस्तानी आतंकियों को हिंदी और मुंबई की भौगोलिक जानकारी का प्रशिक्षण दिया था। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी।

पुणे में व्यस्त सड़क पर युवक की चाकू घोंपकर हत्या
पुणे की व्यस्त सड़क पर आज दोपहर अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति को चाकू मारकर हत्या कर दी। यह हमला महाराणा प्रताप गार्डन के पास बाजीराव रोड पर दोपहर सवा तीन बजे हुआ। मृतक की पहचान मयंक खरेरे के रूप में हुई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

पुलिस उपायुक्त करुषिकेश रावले ने कहा, एक दोपहरिया वाहन पर दो से तीन लोग आए और उन्होंने व्यक्ति पर हमला कर उसे मार दिया। यह हमला पहले से चली दुश्मनी का नतीजा हो सकता है। अभी तक किसी गिरोह की भागीदारी सामने नहीं आई है, लेकिन हम सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की मौत हो गई है और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं। 

तकनीकी खराबी के कारण मुंबई मेट्रो लाइन 1 की सेवाएं बाधित

तकनीकी खराबी के कारण सोमवार (3 नवंबर) शाम के व्यस्त समय में मुंबई मेट्रो लाइन 1 की सेवाएं बाधित रही। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी स्टेशन पर एक रेक में तकनीकी खराबी के कारण शाम के व्यस्त समय में घाटकोपर-वर्सोवा लाइन 1 पर मुंबई मेट्रो की सेवाएं बाधित रहीं। जिससे यात्रियों को ट्रेन से उतारना पड़ा।

शाम लगभग 5 बजे हुई इस खराबी के कारण सबसे व्यस्त मेट्रो कॉरिडोर में से एक पर सेवाएं बाधित हुईं और कार्यालय से घर लौट रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के तीन घंटे बाद ऑपरेटर मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड (एमएमओपीएल) के प्रवक्ता ने दावा किया कि सेवाएं केवल 20 मिनट के लिए बाधित रहीं।

प्रवक्ता के अनुसार शाम 5:10 बजे ट्रेन को खाली करा लिया गया और शाम 5:30 बजे तक सेवाएं सामान्य हो गईं। एमएमओपीएल ने 11.4 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर सेवाओं को प्रभावित करने वाली तकनीकी खराबी की प्रकृति के बारे में विस्तार से नहीं बताया। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि अंधेरी स्टेशन पर एक रेक में खराबी आ गई, जिससे मेट्रो ट्रेन रुक गई। खराबी से प्रभावित ट्रेन को दूसरी ट्रेन की मदद से टो करके ले जाया गया। यात्रियों के अनुसार इस व्यवधान के कारण मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें लग गईं और भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने दावा किया कि लगभग 45 मिनट तक वर्सोवा से घाटकोपर के लिए कोई ट्रेन नहीं थी और ऑपरेटर द्वारा समय पर घोषणा न किए जाने की भी शिकायत की। एमएमओपीएल के एक प्रवक्ता ने कहा कि व्यवधान का विवरण बाद में साझा किया जाएगा।

महाराष्ट्र सरकार वारकरी दर्शन के सार को वैश्विक मंच पर ले जाना चाहती है: शेलार

महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने सोमवार को घोषणा की है कि उनका विभाग वारकरी परंपरा के दर्शन को दुनिया भर में फैलाने के लिए विभिन्न अंतरराष्ट्रीय पहल शुरू करेगा।

लातूर जिले के औसा में सांस्कृतिक मामलों के निदेशालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कीर्तन महोत्सव के उद्घाटन पर बोलते हुए शेलार ने कहा कि वारकरी संप्रदाय की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने की हकदार है।

गौरतलब है कि वारकरी संप्रदाय महाराष्ट्र में भगवान विट्ठल (जिन्हें विठोबा के नाम से भी जाना जाता है) की पूजा के लिए समर्पित एक भक्ति आंदोलन है। उनके अनुयायी, जिन्हें "वारकरी" कहा जाता है, सोलापुर जिले के पंढरपुर की तीर्थयात्रा करते हैं, जहाँ भगवान विट्ठल का एक भव्य मंदिर है।

संत ज्ञानेश्वर ने मानवता की भलाई की कल्पना की और सार्वभौमिक शांति एवं सद्भाव के लिए प्रार्थना की। भाजपा मंत्री ने कहा कि वारकरी परंपरा ने अपनी भक्ति और शिक्षाओं के माध्यम से इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया है।

दिव्यांगों के स्कूल में बच्चे की बेरहमी से पिटाई, जांच के आदेश

महाराष्ट्र में दिव्यांग छात्रों के एक विद्यालय में कर्मचारी द्वारा एक बच्चे को बेरहमी से पीटे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। इसके बाद लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए राज्य के दिव्यांग कल्याण मंत्री अतुल सावे ने सोमवार को मामले की जांच और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा की। यह वीडियो छत्रपति संभाजीनगर जिले के मांडकी गांव में चैतन्य कनिफनाथ अपंग विद्यालय का है। वीडियो में आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले एक दिव्यांग लड़के को उसके हाथ पीछे बांधकर कुकर के ढक्कन से बेरहमी से पीटा जा रहा है। छत्रपति संभाजीनगर जिले से ही ताल्लुक रखने वाले मंत्री सावे ने कहा कि विभाग के सचिव और आयुक्त से मामले की जांच करने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। सावे ने कहा, यदि आवश्यक हुआ तो हम आपराधिक मामला दर्ज करेंगे और संस्था को दी गई अनुमति भी रद्द कर देंगे। 

महिला विश्व कप जीत: महाराष्ट्र कैबिनेट ने टीम को बधाई दी, नकद पुरस्कारों की घोषणा की
महाराष्ट्र कैबिनेट ने मंगलवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार आईसीसी महिला विश्व कप खिताब जीतने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि कैबिनेट ने विश्व कप जीत में योगदान के लिए महाराष्ट्र की खिलाड़ियों स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और राधा यादव को नकद पुरस्कार देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है, हालांकि पुरस्कार राशि का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री फडणवीस की अध्यक्षता में कैबिनेट ने टीम को बधाई देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने भी टीम की उपलब्धि की सराहना की। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार रात नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप जीता।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed