Maharashtra: अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का शुभारंभ; सिंधुदुर्ग में रंगदारी के आरोप में अधिकारी गिरफ्तार
पालघर में पुलिस अधिकारी के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज, सिंधुदुर्ग में एक अधिकारी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक पुलिस अधिकारी पर व्यक्ति से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, सिंधुदुर्ग में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने एक औद्योगिक निरीक्षक को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
एसीबी के अनुसार, आरोपी पुलिस अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक साहेबराव शिवाजी कछरे घोलवाड थाने में तैनात था। शिकायतकर्ता ने नौ दिसंबर को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि कछरे ने उसके साले को गिरफ्तार न करने और केस से नाम हटाने के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने बताया कि कछरे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जरूरत पड़ने पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। सिंधुदुर्ग में एसीबी की टीम ने बुधवार को जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी पंकज विठ्ठल शेलके को सरकारी सब्सिडी प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
शिवसेना नेता ने टिकट न मिलने पर ठाणे में किया विरोध मार्च
ठाणे के पूर्व उपमहापौर और शिवसेना नेता राजेंद्र साप्टे ने 15 जनवरी को होने वाले ठाणे नगर निगम चुनाव के लिए टिकट न मिलने पर विरोध मार्च निकाला। साप्टे वार्ड नंबर 25 (कलवा) से चुनाव लड़ना चाहते थे। सीट भाजपा को दिए जाने के कारण उन्हें मौका नहीं मिला। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने ठाणे नगर निगम चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन किया है।
अनाथ दिघे के कट्टर समर्थक साप्टे ने कलवा से दिघे स्मारक तक विरोध मार्च किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे को आश्चर्यचकित कर वार्ड पर कब्जा करने के लिए 'ब्लैकमेल' किया। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 दिसंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर को समाप्त हुई। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख दो जनवरी यानी आज है और अंतिम उम्मीदवार सूची तीन जनवरी को जारी की जाएगी। राज्य की 29 नगर निगमों सहित ठाणे में चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन की जाएगी।
वर्सोवा में दूध में मिलावट का भंडाफोड़, सात लोगों पर केस दर्ज
मुंबई के वर्सोवा इलाके में दूध में मिलावट करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि ये लोग नामी कंपनियों के दूध के पैकेट से कुछ दूध निकालकर उसमें पानी मिलाते थे और फिर अस्वच्छ तरीके से पैकेट सील कर बाजार में बेच देते थे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) को मिली सूचना के बाद बुधवार को छापा मारा गया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई है।
बांग्लादेशी खिलाड़ी की आईपीएल एंट्री पर संत का विरोध
हिंदू संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को साइन किए जाने पर नाराजगी जताई है। नागपुर में उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के बीच यह फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। संत ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाना चाहिए और बांग्लादेश सरकार को स्थिति स्पष्ट रूप से समझानी चाहिए।
छेड़खानी के आरोपी ने जमानत मिलते ही पीड़िता के पति को लगाई आग
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने जमानत पर रिहा होने के बाद उसके पति को आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया घटना 29 दिसंबर की तड़के नाइगांव तहसील के बेंद्री गांव में घटी। संतोष माधवराव बेंद्रीकर के खिलाफ 22 दिसंबर को नाइगांव पुलिस ने एक महिला से छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज किया था। उसे 28 दिसंबर को नरसी इलाके से गिरफ्तार किया गया और जल्द जमानत मिल गई। 29 दिसंबर को उसने और उसके परिजनों ने महिला के पति से इस बात पर पूछताछ की कि दंपती ने पुलिस से संपर्क क्यों किया। इसके बाद आरोपी बेंद्रीकर, उसके पिता माधव और भाई शिवकुमार ने पीड़िता के पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शख्स नांदेड़ के एक अस्पताल में भर्ती है। सब इंस्पेक्टर गजानन तोतेवाड़ ने बताया कि मुख्य आरोपी, उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उन्हें 30 दिसंबर को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।