सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra news updates today crime mumbai police cm fadnavis politics news in hindi

Maharashtra: रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, तीन पर केस दर्ज; मामूली विवाद में ड्राइवर पर जानलेवा हमला

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Shubham Kumar Updated Mon, 30 Mar 2026 03:33 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra news updates today crime mumbai police cm fadnavis politics news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक व्यक्ति से रूस में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर 2.92 लाख रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बदलापुर (पूर्व) के रहने वाले 38 साल के एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत की है। आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया था कि वे एक ट्रैवल फर्म के जरिए रूस के एक मॉल में उसे नौकरी दिलवा देंगे। उन्होंने नवंबर 2025 से इस साल जनवरी के बीच उससे 2.92 लाख रुपये लिए। आरोपियों ने वादा किया था कि वे उसे एम्प्लॉयमेंट वीजा, पासपोर्ट और टिकट का इंतजाम करके देंगे।

Trending Videos


मामले को लेकर भिवंडी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने उसे एम्प्लॉयमेंट वीजा के बजाय अस्थायी वीजा पर विदेश भेज दिया। पीड़ित का आरोप है कि रूस पहुंचने के बाद उससे बहुत कठिन काम कराया गया और वादा की गई नौकरी नहीं दी गई। आरोपियों ने उसके पैसे भी वापस नहीं किए। पुलिस ने शनिवार को दो पुरुषों और एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है और इस मामले में शामिल ट्रैवल एजेंसी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


महाराष्ट्र में रोड रेज की खौफनाक वारदात, मामूली विवाद में ड्राइवर के गुप्तांग काटे
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से दिल दहला देने वाली घटना समने आई है। यहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक मालगाड़ी चालक पर हमला किया और उसके गुप्तांग काट दिए। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना शनिवार रात गंगापुर-लासुर रोड पर शिंदेवाड़ी गांव के पास हुई। मामले में 32 साल का पीड़ित अपने दोस्त के साथ मिनी पिकअप गाड़ी में सामान छोड़कर लौट रहा था। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर तकनीकी खराबी के कारण उसकी गाड़ी रुक गई। तभी वहां से गुजर रही एक वैन की उसकी गाड़ी से टक्कर होते-होते बची। इस बात को लेकर दोनों गाड़ियों के लोगों के बीच तीखी बहस और झगड़ा शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर पीड़ित जान बचाने के लिए पास के एक खेत में भाग गया। वैन में सवार 6 से 7 लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और धारदार हथियार से उसके गुप्तांग काट दिए। इसके बाद आरोपी उसे सड़क पर तड़पता छोड़कर भाग गए। पीड़ित को तुरंत गंगापुर उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। गंगापुर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

अफवाह फैलाने वाले युवक को पुलिस ने माफी के बाद छोड़ा
महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने अर्हम अजहरुद्दीन अंसारी नाम के 19 साल के युवक को सोशल मीडिया पर लॉकडाउन फैलाने वाली अफवाह फैलाने के आरोप में हिरासत में लिया। अंसारी ने वीडियो में कहा था कि 2020 के COVID-19 लॉकडाउन जैसी स्थिति शुक्रवार आधी रात से लागू होगी और लोगों से सुबह उठकर जरूरी सामान खरीदने को कहा।

पुलिस ने कहा कि वीडियो से लोग पहले ही पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के बाहर कतारों में थे, इसलिए यह अफवाह अनावश्यक डर पैदा कर रही थी। अंसारी को पकड़कर मंब्रा थाने में लाया गया, जहां उसने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। पुलिस ने कहा कि उसे सख्त चेतावनी के साथ छोड़ दिया गया। सरकार बार-बार लोगों से कह रही है कि सोशल मीडिया पर असत्य और अनपुष्ट जानकारी साझा न करें, क्योंकि इससे सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है और ईंधन की खरीदारी में हड़बड़ी हो सकती है।

एनसीबी मुंबई प्रमुख घावटे पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस

महाराष्ट्र में पुलिस ने नवी मुंबई के बिल्डर गुरुनाथ चिचकर की आत्महत्या के संबंध में नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के जोनल निदेशक अमित घावटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि गुरुनाथ चिचकर ड्रग्स तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना के पिता थे। इस सरगना को प्रत्यर्पण के जरिये पिछले वर्ष ही मलयेशिया से भारत लाया गया था।

नासिक अदालत ने अशोक खरात की पुलिस हिरासत 1 अप्रैल तक बढ़ाई

दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार स्वयंभू 'गॉडमैन' अशोक खरात की पुलिस हिरासत को नासिक की एक अदालत ने 1 अप्रैल तक बढ़ा दिया। खरात, जो नासिक जिले के मिरगांव स्थित एक मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख था उसे 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसने तीन वर्षों तक उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। अब तक शहर के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में उसके खिलाफ 10 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें से आठ यौन उत्पीड़न या शोषण और दो धोखाधड़ी से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम को पिछले कुछ दिनों में फोन के जरिए 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं, जिनमें अधिकांश शिकायतकर्ता महिलाएं हैं।

दो नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में दो नाबालिग बच्चियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान इरफान शेख (23 वर्षीय) के रूप में हुई है, जो भिवंडी का निवासी है। उसे शनिवार तड़के गिरफ्तार किया गया। घटना शुक्रवार को नवी वस्ती इलाके में हुई थी।

भिवंडी सिटी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, 'आरोपी ने कथित तौर पर दोनों नाबालिग बच्चियों को घेरकर उनके साथ अनुचित हरकत की और उन्हें परेशान किया।' पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्चियों में से एक की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।

ठाणे में सरकारी घर दिलाने के नाम पर 11 लोगों से ठगी, बैंक खातों का भी हुआ गलत इस्तेमाल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कथित तौर पर जालसाजों ने 11 लोगों को सरकारी योजना के तहत सस्ते घर दिलाने का झांसा देकर ठगा है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों ने इन लोगों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर बैंक खाते भी खुलवाए। इन खातों का उपयोग बड़े वित्तीय लेनदेन के लिए किया गया। मामले में उल्हासनगर की एक 54 साल की महिला ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) योजना के तहत कम कीमत पर घर दिलाने का वादा कर उनका भरोसा जीता। पिछले दो वर्षों के दौरान आरोपियों ने म्हाडा फ्लैट के नाम पर लोगों से पैसे इकट्ठा किए।

हिल लाइन पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों की निजी जानकारी का इस्तेमाल सिम कार्ड खरीदने, ईमेल आईडी बनाने और बैंक खाते खोलने के लिए किया। आरोपियों ने 11 पीड़ितों में से हर एक से 5,000 रुपये लिए, जिससे कुल 55,000 रुपये की ठगी हुई। आरोपियों ने पीड़ितों के फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों का सहारा लेकर कंपनियों और बिल्डरों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है। पुलिस को शक है कि और भी लोग इस ठगी का शिकार हुए होंगे। पुलिस ने लोगों से किसी भी सरकारी योजना में पैसा देने से पहले उसकी जांच करने की अपील की है।

जेल में आया हार्ट अटैक, अस्पताल ले जाते समय आरोपी ने तोड़ा दम
महाराष्ट्र की बीड जिला जेल में चेक बाउंस के एक आरोपी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय गणेश काशीनाथ पवार के रूप में हुई है, जो बीड के सुभाष रोड के रहने वाले थे। गणेश पवार को चेक बाउंस के एक मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह कोर्ट की सुनवाई में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके बाद उन्हें छह दिन पहले न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। शनिवार सुबह जेल में अचानक गणेश पवार को दिल का बड़ा दौरा पड़ा। जेल प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाई और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक राजाराम चांदने ने जानकारी दी कि कैदी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है। उन्होंने बताया कि जैसे ही गणेश पवार की तबीयत बिगड़ी, उन्हें बिना किसी देरी के अस्पताल ले जाया गया था।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed