सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: विधानसभा में पास हुआ विशेष नागरिक सुरक्षा बिल; बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को भी मिली रफ्तार

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Thu, 10 Jul 2025 07:24 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र विधानसभा ने शहरी नक्सलवाद और वामपंथी उग्रवाद जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए 'विशेष नागरिक सुरक्षा बिल' पारित कर दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बिल को पेश करते हुए भरोसा दिलाया कि इसका दुरुपयोग नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून में 12,500 से अधिक जन सुझावों को शामिल किया गया है। बिल में एक सलाहकार बोर्ड भी बनाया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश या रिटायर्ड चीफ जस्टिस करेंगे।

Trending Videos


मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा में ‘विशेष नागरिक सुरक्षा बिल’ पास होने के बाद कहा कि यह कानून तेलंगाना और झारखंड जैसे राज्यों के कानूनों से अधिक संतुलित और प्रगतिशील है। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी का स्तर एसपी से ऊपर होगा और मामले की निगरानी के लिए उच्चस्तरीय सलाहकार बोर्ड बनेगा। विपक्ष की आशंकाओं के बावजूद बिल को संयुक्त चयन समिति की सिफारिशों के बाद बिना असहमति के पास किया गया। अब इसे विधान परिषद में पेश किया जाना बाकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार
भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स से ठाणे के शिलफाटा के बीच 2.7 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण पूरा हो गया है। यह हिस्सा 21 किलोमीटर की सुरंग का अहम भाग है, जिसमें से 16 किलोमीटर टनल बोरिंग मशीन से और पांच किलोमीटर न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड से बनाई जा रही है। एनआचआरसीएल ने बताया कि इस टनल में सात किमी का अंडरसी सेक्शन भी शामिल है, जो ठाणे क्रीक के नीचे से जाएगा। सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

प्लेटफॉर्म पर मिला नवजात, आरपीएफ ने बचाई जान
महाराष्ट्र के वर्धा जिले के सेवाग्राम रेलवे स्टेशन पर एक नवजात शिशु को लावारिस हालत में पाया गया। रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल मुस्ताक शेख और योगेश लेकुरवाले को प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गश्त के दौरान बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि चार से पांच दिन का बच्चा कपड़े में लिपटा एक बेंच के नीचे पड़ा था। शिशु को तुरंत चाइल्डलाइन वर्धा और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया और फिर देखभाल के लिए चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया गया।

दुष्कर्म की आरोपी शिक्षिका ने कोर्ट में दायर की जमानत याचिका
मुंबई में नाबालिग छात्र के साथ बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार एक प्रतिष्ठित स्कूल की 40 वर्षीय शिक्षिका ने बुधवार को जमानत के लिए याचिका दायर की है। इसके बाद मामले में आने वाले दिनों में सुनवाई होने की उम्मीद है। बता दें कि मामला दिसंबर 2023 का है, जब स्कूल के वार्षिक समारोह से संबंधित विभिन्न बैठकों के दौरान आरोपी शिक्षिका को 16 वर्षीय छात्र के साथ प्रेम हो गया। इसके बाद जनवरी 2024 में शिक्षिका ने छात्र को यौन संबंध बनाने के लिए कहा। इतना ही नहीं मामले में पुलिस ने ये भी दावा किया था कि शिक्षिका नाबालिग को आलीशान होटलों में ले जाती थी, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

अधिकारी ने बताया कि जैसे ही आरोपी शिक्षिका ने किशोर का यौन उत्पीड़न करने के लिए उसे महंगे होटलों में ले जाना शुरू किया, छात्र को चिंता होने लगी। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसे कुछ चिंता-निवारक गोलियां दीं। पुलिस ने बताया कि शिक्षिका अक्सर कथित तौर पर लड़के को दुर्व्यवहार करने से पहले उसे शराब पिलाती थी। घटना के सामने आने के बाद आरोपी शिक्षिका के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र की जेलों में क्षमता से 12,000 से ज्यादा कैदी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधान परिषद में बताया कि राज्य की 60 जेलों में मई 2025 तक कुल 39,527 कैदी थे, जबकि इनकी अधिकतम क्षमता सिर्फ 27,184 कैदियों की है। यानी 12,343 कैदी ज्यादा हैं। मुंबई की केंद्रीय जेलों की हालत और भी गंभीर है। यहां की क्षमता 999 कैदियों की है, लेकिन मई 2025 तक वहां 3,268 कैदी बंद थे, जो क्षमता से तीन गुना ज्यादा है।

फडणवीस ने कहा कि सरकार नई जेलें बना रही है और पुरानी जेलों में नए बैरक जोड़कर जगह बढ़ाई जा रही है। इन प्रयासों से 17,110 अतिरिक्त कैदियों को रखने की व्यवस्था की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गरीब कैदियों की मदद के लिए 'सपोर्ट टू पुअर प्रिजनर्स' योजना के तहत जमानत या जुर्माना भरने में आर्थिक सहायता दी जाती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और कुछ गैरसरकारी संस्थाएं (NGOs) भी जरूरतमंद कैदियों को मुफ्त कानूनी मदद देती हैं।

खराब खाना देने की शिकायत पर कैंटीन का लाइसेंस रद्द
खाने की गुणवत्ता की शिकायत को लेकर बुलढाणा के जिस विधायक ने कैंटीन कर्मियों से मारपीट की थी, उस कैंटीन का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। खराब खाना देने की शिकायत मिलने के बाद महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कैंटीन के खिलाफ यह कार्रवाई की है। शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड़ ने अपने आचरण का बचाव करते हुए कहा था कि यह शिवसेना शैली की प्रतिक्रिया है।

मंदिर समिति में राजनीति नहीं होनी चाहिए: वीएचपी नेता अशोक चौगुले
विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक चौगुले ने बुधवार को कहा कि राजनीतिज्ञों को मंदिर प्रबंधन समितियों में शामिल करने का फैसला नहीं करना चाहिए। यह बयान उन्होंने एक किताब के विमोचन कार्यक्रम के दौरान दिया। यह किताब 'मोरोपंत पिंगले: द आर्किटेक्ट ऑफ हिंदू रिसर्जेंस' है, जिसे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने रिलीज किया।

चौगुले ने कहा कि मंदिर समितियों में केवल आस्थावान और धार्मिक हिंदुओं को शामिल किया जाना चाहिए, ना कि किसी राजनीतिक दल के कहने पर किसी को नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई राजनीतिक व्यक्ति समिति में आता है, तो वह एक भक्त के रूप में आए, न कि राजनेता के रूप में।

महाराष्ट्र सरकार लाएगी सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को कहा कि राज्य में धर्मांतरण रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया जाएगा। राज्य विधानसभा में भाजपा नेता अनूप अग्रवाल और अन्य द्वारा उठाए गए मुद्दे पर बावनकुले ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे कि कड़े प्रावधानों वाला धर्मांतरण विरोधी कानून कैसे बनाया जाए।

नवी मुंबई में 47 लाख की हेरोइन जब्त, पंजाब से जुड़े तार

नवी मुंबई पुलिस की नारकोटिक सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 लाख रुपये की हेरोइन जब्त की है और पंजाब के तरनतारन से जुड़े दो लोगों समेत कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चार जुलाई को सीबीडी बेलापुर में जाल बिछाकर पहली गिरफ्तारी की गई. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अगले पांच दिनों में बाकी सात लोगों को भी पकड़ा गया. कुल 120 ग्राम हेरोइन जब्त हुई है. एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है.

किशोरी के घर में फंदे से लटके पाए जाने पर परिजनों ने लगाया दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप; 4 गिरफ्तार
सांगली जिले में 16 वर्षीय एक लड़की अपने घर में फंदे से लटकी हुई पाई गई। उसके पिता ने आरोप लगाया कि चार लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। ये लोग उसे ब्लैकमेल भी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के पिता की शिकायत के अनुसार लड़की ने पिछली शाम को भोजन के दौरान उन्हें बताया था कि चार लोग, जो उसे छेड़ रहे थे और परेशान कर रहे थे, एक दिन उसे अटपडी में एक निजी बैंक के ऊपर बने कमरे में ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया। मृतका के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी बेटी का वीडियो बना लिया था और उसे धमकी देकर यौन संबंध बनाने की कोशिश कर रहे थे कि वे वीडियो वायरल कर देंगे। पुलिस ने कहा कि पिता ने उसे आश्वासन दिया था कि वे अगली सुबह पुलिस से संपर्क करेंगे, लेकिन सोमवार की सुबह लड़की अपने कमरे में लटकी हुई पाई गई।

IIT छात्र का दावा- सुसाइड केस में फंसाया गया
आईआईटी बॉम्बे के छात्र अरमान खत्री ने एक स्थानीय अदालत में याचिका दायर कर मामले से छुटकारा पाने की मांग की है। खत्री पर 2023 में आईआईटी बॉम्बे के छात्र दर्शन सोलंकी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। खत्री ने अपनी याचिका में दावा किया है कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है और वह निर्दोष हैं।

दर्शन सोलंकी ने फरवरी 2023 में आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टल की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में पता चला कि सोलंकी ने खत्री के साथ बातचीत में एक जातिसूचक टिप्पणी की थी, जिसके बाद खत्री ने उन्हें धमकी दी थी। पुलिस ने खत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने और जातिसूचक अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया था।
 

शिवसेना मंत्री संजय शिरसाट को इनकम टैक्स नोटिस
महाराष्ट्र सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री और एकनाथ शिंदे गुट के शिवसेना विधायक संजय शिरसाट को इनकम टैक्स विभाग से नोटिस मिला है। खुद शिरसाट ने इसकी पुष्टि की और कहा कि वे इसका कानूनी जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को लगता है कि नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती, लेकिन ऐसा नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ये किसी साजिश का हिस्सा है, तो उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने शिकायत की थी और विभाग ने संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि हमने जवाब देने के लिए समय मांगा है और स्थिति स्पष्ट करेंगे। मैं किसी दबाव में नहीं हूं, सिस्टम अपना काम कर रहा है।

गणेशोत्सव को मिला 'राज्योत्सव' का दर्जा
महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार ने गणेशोत्सव को 'राज्योत्सव' घोषित करते हुए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है. इस फैसले से राज्य की सांस्कृतिक परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. सरकार ने उत्सव को भव्य रूप देने के लिए ₹100 करोड़ से अधिक की राशि खर्च करने की भी मंजूरी दी है. इस पहल से न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर को भी नया आयाम मिलेगा.


ठाणे में अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार; फंदे पर लटकी मिली किशोरी, परिजनों ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
ठाणे में एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जो हत्या और जबरन वसूली सहित 30 से अधिक मामलों में कई राज्यों में वांछित था। पुलिस ने बताया किद आरोपी मोहम्मद इब्राहिम मोहम्मद सईद (39) के खिलाफ कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मामले दर्ज हैं। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने कहा कि पड़ोसी गुजरात के वलसाड में उसके खिलाफ दर्ज घर में सेंधमारी और कार तथा अन्य कीमती सामान की चोरी के मामले में गुप्त सूचना मिलने के बाद उसे सात जुलाई को यहां भयंदर (पूर्व) के उत्तान से गिरफ्तार किया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed