Maharashtra: रत्नागिरी में कार जगबूदी नदी में गिरी, पांच की मौत; गढ़चिरौली सड़क दुर्घटना में चार ने गंवाई जान
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में सोमवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर जगबूदी नदी में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि, कार ड्राइवर को चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना मुंबई-गोवा हाईवे पर हुई। कार सवार मुंबई से देवरुख जा रहे थे।
गढ़चिरौली में कार-ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में रविवार दोपहर चारमोशी हाईवे पर एक कार और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक चारमोशी से आष्टी जा रहे थे, तभी उनकी कार यू-टर्न लेते समय एक ट्रक से टकरा गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र नैतम (45), विनोद कटवे (45), सुनील वैरागडे (55) और अनिल सतपुते (55) के रूप में हुई है। सभी गढ़चिरौली के निवासी थे। अधिकारी ने बताया कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मुंबई में 13 करोड़ रुपये की कीमत की एमडी ड्रग जब्त करने के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस साल मार्च में एक आरोपी को 4.5 लाख रुपये की एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद जोन 6 के एंटी-नारकोटिक सेल, आरसीएफ पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के कर्मियों ने गत दिनों दक्षिण मुंबई में एक परिसर में छापा मारा और 6.6 किलोग्राम एमडी बरामद की, जिसकी कीमत 13 करोड़ रुपये है।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में बाघ के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बीते कुछ दिनों में बाघ के हमले में यह आठवीं मौत है। वन अधिकारियों ने बताया, घटना रविवार तड़के की है। बाघ का हमला तब हुआ, जब ग्रामीण तड़के तेंदू पत्ता इकट्ठा करने के लिए जंगल में गए थे। बाघ ने मरोती शिंदे (64)पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह की एक घटना मुल तहसील के शिवपुर-चेक गांव में हुई।
एकनाथ शिंदे का वादा- लाड़की बहिन योजना बंद नहीं होगी
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक मदद मुहैया कराने वाली स्कीम- लाड़की बहिन योजना को बंद नहीं करेगी। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा, मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना कभी बंद नहीं होगी। बता दें कि राज्य सरकार पात्र महिलाओं को इस योजना के तहत हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक मदद देती है। शिंदे ने ठाणे में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, हमारी सरकार डबल इंजन वाली है जो अपने वादे पूरे करती है। बता दें कि विपक्षी खेमा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नीत सरकार पर निशाना साथ रहा है। विपक्ष का कहना है कि पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादे के मुताबिक मासिक राशि को बढ़ाकर अब तक 2100 रुपये नहीं किया है। आने वाले दिनों में सरकार योजना ही बंद कर देगी। शिंदे ने इसे अफवाह करार दिया।
जमीन विवाद में सुरक्षा गार्डों पर हमला करने के आरोप में 21 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने मध्य मुंबई में जमीन विवाद को लेकर एक निजी कंपनी के सुरक्षा गार्डों पर हमला करने के बाद 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात को अग्रीपाड़ा इलाके में हुई, जब कुछ लोगों ने सुरक्षा गार्डों को धमकाने के लिए पत्थर, डंडे और मिर्च स्प्रे के अलावा बंदूक का इस्तेमाल किया। आरोपियों में से एक व्यक्ति सिंगल बोर राइफल लेकर आया था उसने सुरक्षा गार्डों पर गोली चलाई। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत दंगा, हत्या का प्रयास और हमला करने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुणे पोर्श केस में एक साल बाद भी न्याय का इंतजार
पुणे के कल्याणी नगर इलाके में 19 मई, 2024 की सुबह नशे में धुत 17 वर्षीय किशोर ने अपनी पोर्श कार से एक बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनीश अवधिया और अश्विनी कोस्टा की मौत हो गई थी। हादसे को एक साल बीत चुका है, लेकिन अभी भी पीड़ितों के परिवार न्याय का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले में किशोर के डेवलपर पिता, दो डॉक्टर और अन्य जेल में हैं। वहीं, किशोर की मां अंतरिम जमानत पर बाहर है। घटना के बाद किशोर को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन कुछ घंटों बाद ही किशोर न्याय बोर्ड ने उसे जमानत दे दी, जिसके बाद विरोध शुरू हो गया और न्याय बोर्ड ने उसे किशोर गृह भेज दिया। इसके बाद, बॉम्बे हाईकोर्ट ने उसकी रिहाई का आदेश दे दिया। अनीश अवधिया के पिता ओम अवधिया ने न्याय मिलने में हो रही देरी पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि मामले की सुनवाई तेजी से होगी। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों ने अधिकारियों से मुकदमे में तेजी लाने की अपील की है।
महाराष्ट्र: विधानमंडल परिसर के एक प्रवेश द्वार पर लगी ‘स्कैनिंग मशीन’ में लगी आग, कोई हताहत नहीं
दक्षिण मुंबई स्थित महाराष्ट्र विधानमंडल परिसर के एक प्रवेश द्वार पर लगी ‘स्कैनिंग मशीन’ में सोमवार को आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना अपराह्न तीन बजे हुई और इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों ने पांच मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग बुझाने के लिए दो दमकल गाडि़यां और अन्य वाहन मौके पर भेजे गए थे। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि विधान भवन परिसर में एक केबिन में मामूली आग लग गई तथा प्रारंभिक जांच से पता लगा है कि इसका संभावित कारण ‘स्कैनिंग’ मशीन में ‘शॉर्ट सर्किट’ होना है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और चिंता की कोई बात नहीं है।
नार्वेकर ने पत्रकारों से कहा, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि विधान भवन के प्रवेश द्वार पर लगी ‘स्कैनिंग’ मशीन में ‘शॉर्ट सर्किट’ हो गया था, जिसके कारण आग लग गई होगी। स्थिति नियंत्रण में है और डरने की कोई जरूरत नहीं है।’ उन्होंने कहा कि यह घटना आकस्मिक थी और इससे प्रतिष्ठित इमारत के भीतर किसी तरह की सुरक्षा संबंधी चिंता का संकेत नहीं मिलता। उन्होंने कहा, ‘भवन की स्थापना में कोई तकनीकी समस्या नहीं है।’ नार्वेकर ने आगे कहा कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएंगी। उन्होंने कहा, ‘घटना के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जाएगी।’