सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra updates in hindi news 20 dec mumbai thane NCP leader Manikrao Kokate health CM Devendra Fadnavis

Maharashtra: महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री शालिनीताई पाटिल का निधन; माओवादी हत्या मामले में NIA ने 2 आरोपी पकड़े

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: हिमांशु चंदेल Updated Sat, 20 Dec 2025 09:57 PM IST
विज्ञापन
maharashtra updates in hindi news 20 dec mumbai thane NCP leader Manikrao Kokate health CM Devendra Fadnavis
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री शालिनीताई पाटिल का शनिवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 94 साल की थीं। वह महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री वसंतदादा पाटिल की पत्नी थीं। शालिनीताई 1980 के दशक में विभिन्न कांग्रेस सरकारों में मंत्री रही थीं। उन्होंने सतारा जिला परिषद की सदस्य के तौर पर अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। शालिनीताई ने अपने लंबे राजनीतिक कॅरिअर के दौरान लोकसभा में सांगली का प्रतिनिधित्व किया। वह कोरेगांव से विधायक भी रहीं। एनसीपी (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
Trending Videos


NIA ने माओवादी हत्या केस में 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र में दिनेश पुसु गवाडे हत्या मामले में दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन के सदस्य बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रघु उर्फ प्रताप उर्फ इरपा उर्फ मुड्देला उर्फ सैलू (निजामाबाद, तेलंगाना) और शंकर महाका (गडचिरोली, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। एनआईए ने इन आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एजेंसी का कहना है कि इनके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुंबई में विदेश में नौकरी के नाम पर 190 युवाओं को ठगा, आठ गिरफ्तार
रूस, दक्षिण कोरिया और तुर्किये में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 190 युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। समता नगर पुलिस ने इस मामले में आठ ठगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित युवा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के रहने वाले हैं। आरोपियों ने कांदिवली पूर्व में कार्यालय खोलकर सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को फंसाया था। उन्होंने प्रत्येक पीड़ित से पासपोर्ट ले लिए और ढाई-ढाई लाख रुपये वसूले। काम न होने पर जब पीड़ित कार्यालय पहुंचे, तो वह बंद मिला। इसके बाद पीड़ितों ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से गुहार लगाई। मंत्री के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। पीड़ितों के दस्तावेज बरामद कर लिए गए हैं। ठगी का शिकार हुए कई लोगों ने विदेश जाने के लिए अपनी जमीन और जेवर तक बेच दिए थे।

भिवंडी में इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग
भिवंडी तालुका के पारसनाथ कंपाउंड स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। भिवंडी निजामपुर नगर निगम की डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के प्रमुख साकिब खारबे ने बताया कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ। आग की सूचना मिलने पर मौके पर दो फायर इंजन पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

NCP नेता माणिकराव अस्पताल में भर्ती
मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती एनसीपी नेता माणिकराव कोकाटे की तबीयत को लेकर डॉक्टरों ने अहम जानकारी दी है। अस्पताल के डॉक्टर जलील पार्कर ने बताया कि दो दिन पहले कोकाटे कैजुअल्टी वार्ड में पहुंचे थे। उस समय उनका ब्लड प्रेशर काफी ज्यादा था। जांच के बाद यह सामने आया कि उन्हें एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम और गंभीर हाइपरटेंशन की समस्या है। इसके बाद तुरंत जरूरी दवाइयां शुरू की गईं। डॉ. सुरेश विजान ने बताया कि दवाओं से उनकी हालत स्थिर हुई। शुक्रवार को उनकी एंजियोग्राफी की गई, जिसमें दिल की चार नसों में ब्लॉकेज सामने आया है। डॉक्टरों ने बायपास सर्जरी की सलाह दी है, हालांकि फिलहाल कोकाटे इसके लिए ज्यादा तैयार नहीं दिख रहे हैं। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े लोग आए थे, लेकिन मरीज को ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।

राज्य और केंद्र स्तर पर विधवाओं के अधिकारों के लिए राष्ट्रीय आयोग की मांग
महाराष्ट्र की एक स्वयंसेवी संस्था ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वे विधवाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए एक स्वतंत्र राष्ट्रीय विधवा अधिकार आयोग की स्थापना करें। महात्मा फुले समाज सेवा मंडल ने कहा कि भारत में विधवाओं को सामाजिक बहिष्कार, संपत्ति और विरासत के अधिकारों से वंचित होना, आर्थिक असुरक्षा, मानसिक तनाव और यौन शोषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वर्तमान संस्थागत तंत्र इन मुद्दों को पर्याप्त रूप से नहीं संभाल पा रहा है।

संस्था ने अपनी याचिका में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 के तहत समानता और गरिमा की गारंटी होने के बावजूद विधवाओं के लिए कोई विशेष कानून या आयोग नहीं है। महिलाओं के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय आयोग व्यापक कार्यक्षेत्र होने के कारण विधवाओं के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते, जिससे शिकायत निवारण, निगरानी और जवाबदेही में कमी आती है।

मुंबई की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में हारने के बाद अब मुंबई निकाय चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। पार्टी सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को मुंबई प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्पष्ट किया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका की सभी 227 सीटों पर आप अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि आप किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। संजय सिंह ने बीएमसी के भारी-भरकम 74,447 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट का हवाला देते हुए वर्तमान व्यवस्था पर कड़े प्रहार किए।

राहुल गांधी मानहानि केस की सुनवाई 17 जनवरी तक टली
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी की एक अदालत ने महात्मा गांधी की हत्या से जुड़े बयान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि मामले की सुनवाई 17 जनवरी तक टाल दी है। यह मामला एक आरएसएस कार्यकर्ता द्वारा दायर किया गया है। राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर ने बताया कि जमानत से जुड़ी औपचारिकताओं के कारण अदालत ने सुनवाई स्थगित कर दी।

23 नगरपालिकाओं और नगर परिषदों में मतदान शुरू
महाराष्ट्र की 23 नगरपालिकाओं और नगर परिषदों में शनिवार सुबह से मतदान शुरू हो गया। इन निकायों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के साथ-साथ 143 खाली सदस्य पदों पर भी जनता अपना मत दे रही है। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक चलेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सभी नगरपालिकाओं और नगर परिषदों की वोटों की गिनती 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे होगी। पहले चरण में कुल 263 नगरपालिकाओं और नगर परिषदों में वोट डाले गए थे। कई जगह अध्यक्ष और सदस्य निर्विरोध चुने गए थे।

सीएम फडणवीस ने टी-20 वर्ल्ड कप विजेता नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम को किया सम्मानित
मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम के खिलाड़ियों से बातचीत की और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed