सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Jalgaon Beed Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: स्विमिंग पूल में डूबने से बुजुर्ग की मौत; नागपुर में यौन शोषण के आरोप में एसआई के खिलाफ केस दर्ज

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 13 Jul 2025 07:25 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Jalgaon Beed Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 13 साल से हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बंगाली उर्फ महानंद सुरजीकांत मिस्त्री (39) के रूप में हुई है, जो 2012 में भायंदर इलाके में हुई हत्या के मामले में वांछित था।

Trending Videos


क्या था मामला?
बता दें कि 6 अगस्त 2012 को काशीबाई इंडस्ट्रियल एस्टेट की एक दुकान में विनोद गुप्ता (21) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी मिस्त्री और मृतक गुप्ता रूममेट थे। दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर झगड़ा हुआ, जो इतना बढ़ गया कि मिस्त्री ने गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया। गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीड में बच्चों से बंधुआ मजदूरी कराने वाले 9 गिरफ्तार
8 से 13 साल की उम्र के 17 बच्चों को बंधुआ मजदूरी करने के लिए मजबूर नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये बच्चे महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के हैं। श्रम आयुक्त के 20 जून को दिए गए निर्देश पर अहिल्यानगर जिले की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने नौ जमीन मालिकों के परिसरों पर छापे मारकर इन बच्चों को बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया गया। इनमें कई लड़कियां शामिल हैं। इनसे पशु चराने, गोबर साफ करने, बर्तन धोने और खाना बनाने जैसे कठिन काम करवाए जा रहे थे। आरोपियों पर बीएनएस, किशोर न्याय अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून और बंधुआ मजदूरी प्रथा (उन्मूलन) कानून के तहत केस दर्ज किया गया।

नागपुर में स्विमिंग पूल में डूबने से बुजुर्ग की मौत
नागपुर शहर में रविवार सुबह एक बुजुर्ग की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह रोज की तरह तैराकी करने आए थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

बजाज नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अत्रे लेआउट के निवासी जयंत नारायण कावरे (74 वर्षीय) सुबह करीब पौने दस बजे नागपुर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट (एनआईटी) के नॉर्थ अंबाझरी रोड स्थित स्विमिंग पूल पर पहुंचे थे। तैराकी करते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह पानी में डूब गए। स्विमिंग पूल में मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शक है कि जयंत कावरे को तैरते समय दिल का दौरा पड़ा। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक साल में इस स्विमिंग पूल में ऐसा दूसरा हादसा है।

नागपुर: यौन शोषण के आरोप में मामला दर्ज
नागपुर जिले में एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी के साथ कथित रूप से यौन शोषण के आरोप में मुंबई पुलिस के एक उपनिरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। 

कोंधाली थाने में उप-निरीक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी उप-निरीक्षक मुंबई के विनोबा भावे नगर थाने में तैनात है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता और उसका पति गढ़चिरोली के रहने वाले हैं। प्राथमिकी के मुताबिक, फरवरी में कोंधाली के पास एक रेस्तरां में पारिवारिक पिकनिक के दौरान उप-निरीक्षक ने महिला का यौन शोषण किया था। इसके बाद 13 मई को नागपुर जिले के हिंगणा स्थित पीड़िता के घर पर भी उसने ऐसा ही किया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता और उसका पति बचपन के दोस्त हैं, इसी वजह से वह लंबे समय तक चुप रही। हाल ही में उसने अपने पति को पूरे मामले की जानकारी दी और फिर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी उप-निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को मुंबई भेजा गया है।

कक्षा के मॉनीटर की स्कूल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत
महाराष्ट्र के जलगांव में स्थित एक निजी स्कूल में नौवीं के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कल्पेश इंगले (14) के रूप में हुई है। वह अपनी कक्षा का मॉनीटर था। बेहोशी की हालत में मिलने के बाद शिक्षक उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने कल्पेश को मृत घोषित दिया। कल्पेश के परिजनों ने सहपाठियों पर उसके साथ मारपीट का आरोप लगाया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला पेठ थाना क्षेत्र के आरआर स्कूल में शुक्रवार को भोजनावकाश के दौरान उस वक्त हुई, जब छात्र खाना खाने के बाद खेल रहे थे।

ठाणे कोर्ट ने युवक को किया बरी, नाबालिग लड़की से शादी कर अब हैं दो बच्चे
ठाणे की एक विशेष पॉस्को अदालत ने 2020 में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक युवक को बरी कर दिया है। अदालत ने पाया कि लड़की और उसके पिता, दोनों ने अभियोजन पक्ष के दावों का समर्थन नहीं किया। झारखंड के रहने वाले 25 वर्षीय युवक पर आरोप था कि उसने 2 जनवरी 2020 को महाराष्ट्र के भायंदर इलाके से 15 वर्षीय लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म किया था। लड़की के पिता ने 4 जनवरी को पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद युवक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।

ठाणे में तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवती को मारी टक्कर, मौके पर मौत
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की जान चली गई। यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे नागला बंदर इलाके में हुआ। ठाणे ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मृतक युवती का नाम ग़ज़ल टूटेजा था, जो घोड़बंदर रोड की रहने वाली थीं। वह अपनी स्कूटी से कहीं जा रही थीं, तभी पीछे से किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ग़ज़ल की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी मिलते ही कसारवडवली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन की तलाश जारी है। यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की जरूरत को उजागर करता है।

नागपुर: पुलिस ने लापता किशोर को परिवार से मिलाया
नागपुर में एक 17 साल का लड़का भिंडी की सब्जी बनाने के कारण अपनी मां से नाराज होकर घर से भाग गया था। फिर मानव तस्कर रोधी इकाई (एएचटीयू) ने उसे दिल्ली से ढूंढ निकाला और फिर उसे घरवालों से मिलाया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। 
 
परिवार को मुताबिक, किशोर ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रहा था। उसे भिंडी की सब्जी पसंद नहीं थी। इसको लेकर वह अक्सल अपनी मां से बहस करता था। 10 जुलाई की रात अपनी मां (49 वर्षीय) के साथ बहस के बाद वह गुस्से में घर छोड़कर चला गया। उस दिन रात 11 बजे वह घर से निकला और दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़ ली। जब पूरे दिन वह घर वापस नहीं आया, तो परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस निरीक्षक ललिता तोडसे की टीम ने दिल्ली में उसके दोस्तों से बात की और उसे वहां से खोज निकाला। किशोर को नागपुर वापस लाया गया और पुलिस कर्मियों ने उसे समझाकर परिवार के साथ मिलाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed