सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 04 June North East West South India Elections 2026 Politics Crime Latest National Hindi News

News Updates: ओडिशा में रिश्वत लेते आयकर अधिकारी को CBI ने रंगे हाथों पकड़ा; CM शुभेंदु से मिले करण अदाणी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Thu, 04 Jun 2026 12:49 PM IST
विज्ञापन
News Updates 04 June North East West South India Elections 2026 Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने ओडिशा के भद्रक जिले में तैनात एक आयकर अधिकारी को कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर डुप्लीकेट पैन कार्ड रिकॉर्ड हटाने के बदले पैसे मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी रमेश कुमार मोहंती आयकर विभाग में अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति से डुप्लीकेट पैन रिकॉर्ड हटाने के एवज में 5,000 रुपये की मांग की थी।

पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाया और आरोपी को कथित तौर पर 4,000 रुपये लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एजेंसी अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस तरह की गतिविधियां पहले भी तो नहीं हुई थीं। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन


पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से मिले करण अदाणी
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से राज्य सचिवालय 'नबान्न' में शिष्टाचार मुलाकात की। हालांकि मुलाकात के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन इसे राज्य के विकास और निवेश से जुड़े संभावित संवाद के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन
Trending Videos


इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर वार्ड संख्या-71 में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने हुगली जिले के प्रसिद्ध तारकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि तारकेश्वर केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक रूप से भी बंगाल की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने मंदिर परिसर के संरक्षण और विकास के लिए व्यापक योजनाओं पर काम करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तारकेश्वर का संबंध बंगाल के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा है और सरकार इस धरोहर को नई पहचान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। साथ ही राज्य में विकास योजनाओं को गति देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सौर बाजार, अमेरिका पीछे
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को बताया कि भारत 2025 में वार्षिक क्षमता वृद्धि के मामले में अमेरिका को पछाड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सौर बाजार बन गया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह उपलब्धि देश की स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेज वृद्धि को दर्शाती है। आंकड़ों के अनुसार, 2014 में भारत की सौर क्षमता केवल 2.8 गीगावाट थी, जो आज 155 गीगावाट को पार कर गई है। यह 5,370 फीसदी की भारी वृद्धि है। भारत ने अपनी गैर-जीवाश्म स्थापित क्षमता का 50 फीसदी लक्ष्य और जलवायु लक्ष्यों (एनडीसी) को समय से पहले ही हासिल कर लिया है। इसके अलावा, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब 40 लाख से अधिक घरों को सौर ऊर्जा से बिजली मिल रही है।

चुनाव आयोग पर लोगों का विश्वास बढ़ा, हाल के चुनावों में रिकॉर्ड मतदान इसकी बानगी : ज्ञानेश
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इसकी बानगी हाल में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में उनकी अब तक की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है। इन चुनावों में अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु रिकॉर्ड मतदान के साक्षी बने। ज्ञानेश चुनाव आयोग की ओर से आयोजित चुनावी अभियानों में मीडिया के लिए वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाएं विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बुधवार को आयोग ने अपनी श्रेष्ठ प्रथाओं को साझा किया। ज्ञानेश ने कहा कि चुनाव आयोग 100 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के साथ बीएलओ और बीएलए के माध्यम से आसानी से जुड़ता है। इसके लिए इनको सघन प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें चुनावी प्रक्रियाओं समेत मीडिया, प्रचार, मतदाता सूचियां और पारदर्शिता का साथ स्वच्छ चुनाव की प्रतिबद्धता से उन्हें परिचित कराया जाता है।

इस सम्मेलन का मकसद चुनाव प्रबंधन के आयामों के लिए दुनिया स्तर के संसाधन विकसित करना है। यह चुनाव प्रबंधन के अलग-अलग पहलुओं में अंतरराष्ट्रीय अनुभव, स्तरीय मानकों और श्रेष्ठ प्रथाओं का दस्तावेजीकरण करते हैं, ताकि 23 जनवरी 2026 को भारत में लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपनाए गए दिल्ली घोषणा के तहत सोची गई अंतिम विषयवार रिपोर्ट में योगदान दिया जा सके।

भारत-दक्षिण अफ्रीका डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई क्षेत्र में बढ़ाएंगे द्विपक्षीय सहयोग
भारत और दक्षिण अफ्रीका ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल अवसंरचना और उन्नत विनिर्माण जैसे भविष्य की तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने दक्षिण अफ्रीका की उप विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार मंत्री नोमालुंगेलो जीना के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

बैठक में जितेंद्र सिंह ने कहा, भारत-द. अफ्रीका संबंधों का अगला चरण उभरती तकनीकों, नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र, स्टार्टअप साझेदारी और उद्योग आधारित अनुसंधान पर केंद्रित होना चाहिए। दोनों देशों की पूरक क्षमताओं का उपयोग कर विकासशील देशों के लिए सस्ती, समावेशी व व्यापक तकनीकी समाधान विकसित किए जा सकते हैं। मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों ने उन्नत सामग्री एवं विनिर्माण, भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी और डिजिटल अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेज करने का फैसला किया है। वार्ता में जैव प्रौद्योगिकी, जीनोमिक्स, वैक्सीन विकास, स्वास्थ्य तकनीक और महामारी तैयारी के क्षेत्र में भी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

दक्षिण अफ्रीका ने नवीकरणीय ऊर्जा, हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य विज्ञान, वैक्सीन अनुसंधान और कौशल विकास में सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखाई। केंद्रीय मंत्री ने दक्षिण अफ्रीका को अगस्त 2026 में चेन्नई में होने वाली ब्रिक्स विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेने का निमंत्रण दिया।

टीवीके ने राज्यसभा सीट कांग्रेस को आवंटित की
टीवीके प्रमुख और मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय ने तमिलनाडु से खाली हुई एकमात्र राज्यसभा सीट अपनी सहयोगी पार्टी कांग्रेस को देने का एलान किया है। चुनाव 18 जून को होगा।  संसद के ऊपरी सदन की यह सीट अन्नाद्रमुक नेता सीवी शणमुगम के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। शणमुगम ने मेलाम विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

ब्रिक्स की संस्कृति कार्य समूह की बैठक आज
वाराणसी में बृहस्पतिवार से दो दिवसीय ब्रिक्स की संस्कृति कार्य समूह की बैठक होगी। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल के मुताबिक, 4 और 5 जून की बैठक में इसमें ब्रिक्स के सभी सदस्य देश आमंत्रित हैं। पश्चिम एशिया के युद्ध के बीच ब्रिक्स सदस्यों देशाें के साथ ईरान और यूएई भी इसमें शिरकत करेंगे। इस दौरान संस्कृति का अर्थव्यवस्था पर प्रभाव, रचनात्मक कार्यों में एआई का प्रयोग व प्रभाव, औपनिवेशिक काल के दौरान ले जाई गई सांस्कृतिक वस्तुओं की वापसी और जलवायु परिवर्तन से निपटने में संस्कृति की भूमिका जैसे कई मुद्दों पर बात होगी।

अवैध कब्जे के आरोप में तृणमूल का प्रवक्ता मजूमदार गिरफ्तार
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार को पुलिस ने एक महिला के घर पर कब्जा और उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर वर्षों से किराया नहीं चुकाने और मकान खाली नहीं करने का आरोप है। बिधाननगर उत्तर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता आरती रॉय चौधरी ने आरोप लगाया है कि मजूमदार 12 साल पहले उनके घर में किराएदार के रूप में रहने आए थे। बाद में किराया देना बंद कर दिया और मकान पर कब्जा बनाए रखा। मजूमदार ने राजनीतिक प्रभाव से बार-बार अनुरोध के बावजूद घर खाली नहीं किया। मकान मालिक को ही घर छोड़ना पड़ा। गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाए। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है। इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं आई है।

शिलांग में कल शाह करेंगे पूर्वोत्तर परिषद सत्र की अध्यक्षता
गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को शिलांग में पूर्वोत्तर परिषद के 73वें पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में पर्यटन, कृषि और निवेश प्रोत्साहन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। अधिकारी ने बताया कि बैठक में दूध, अंडे और मछली उत्पादन में आत्मनिर्भरता, खेल, बुनियादी ढांचे और हस्तशिल्प पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सत्र में पूर्वोत्तर विजन प्लान 2047 पर भी मंथन होगा। इसका लक्ष्य शताब्दी वर्ष तक क्षेत्र को आर्थिक केंद्र बनाना है।

दुरई वाइको का बड़ा बयान, बोले- DMK गठबंधन में रहेंगे
एमडीएमके (MDMK) के प्रधान सचिव दुरई वाइको ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनकी पार्टी पिछले 10 वर्षों से इस गठबंधन का हिस्सा है और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की स्थिति कई उत्तरी राज्यों की तुलना में बेहतर रही है।

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को लेकर दुरई वाइको ने कहा कि इस पार्टी ने ऐसा राजनीतिक बदलाव लाया है, जिसे जी.के. मूपनार, वाइको और विजयकांत जैसे नेता भी हासिल नहीं कर सके थे।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक बदलाव की तलाश में अपनी पार्टियां छोड़ने वाले नेता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। दुरई वाइको ने जोर देकर कहा कि साहित्यिक और शास्त्रीय तमिल पर बहस करने के बजाय बुनियादी ढांचे में सुधार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने वंशवादी राजनीति की प्रथा में सुधार की आवश्यकता पर भी बल दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed