सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Of 7 April: News In Hindi, North East West South, India News, Hindi News

News: कांग्रेस का आरोप- कामगारों का शोषण के लिए सरकार जिम्मेदार; कर्नाटक के 4 जिलों में लोकायुक्त की छापेमारी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Tue, 07 Apr 2026 03:24 PM IST
विज्ञापन
News Updates Of 7 April: News In Hindi, North East West South, India News, Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भारतीय तटरक्षक बल को अगले कुछ वर्षों में एआई प्रणाली से लैस 14 तीव्र गश्ती पोत (एफपीवी) मिलेंगे। इनसे हिंद महासागर क्षेत्र में तटरक्षक बल की न सिर्फ मौजूदगी बढ़ेगी बल्कि समंदर की सुरक्षा भी मजबूत होगी। इन 14 पोतों में से तीन का निर्माण विभिन्न चरणों में है। अब चौथे पोत (एफपीवी-4) का भी मुंबई के मझगांव डॉक यार्ड में निर्माण शुरू हो चुका है। इसके लिए तटरक्षक बल ने सोमवार को यहां कील लेइंग समारोह का आयोजन किया। यह समारोह पोत निर्माण की प्रक्रिया की शुरुआत का प्रतीक है।
Trending Videos


आईसीजी ने एक बयान में कहा, ये पोत आत्मनिर्भर भारत विजन के तहत बनाए जा रहे हैं। सभी पोत अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे, जिनमें खराबी का पहले पता लगाने वाली एआई प्रणाली और ड्रोन भी शामिल हैं। तटरक्षक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को जहां 14 एफपीवी परियोजना के तहत एफपीवी-4 के लिए कील लेइंग समारोह आयोजित किया गया। वहीं, एफपीवी-7 के लिए प्लेटों की कटाई का काम भी शुरू किया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

कर्नाटक के 4 जिलों में लोकायुक्त की छापेमारी
कर्नाटक में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मंगलवार को लोकायुक्त अधिकारियों ने राज्य के चार जिलों (बेल्लारी, चित्रदुर्ग, मैसूर और शिवमोग्गा) में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई उन सरकारी अधिकारियों के खिलाफ की गई है, जिन पर अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। 

लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई जगहों पर पहुंचकर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच शुरू की। चित्रदुर्ग में लोकायुक्त अधिकारियों ने 'निर्मिति केंद्र' की पूर्व लेखाकार के घर पर छापा मारा। यह महिला एक साल पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुकी है। उस पर नौकरी के दौरान आय से अधिक संपत्ति जुटाने के आरोप है।

कांग्रेस का आरोप-कामगार वर्ग का आर्थिक उत्पीड़न के लिए सरकार जिम्मेदार 
कर्नाटक में एलपीजी और ईंधन संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके. शिवकुमार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को जारी एक संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण राज्य में 'गंभीर' एलपीजी और ईंधन संकट पैदा हो गया है, जिससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ा है। केपीसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दावा किया कि राज्य के पांच लाख से अधिक ऑटो चालकों पर इसका सीधा असर पड़ा है। उनका कहना है कि मार्च 2026 में ऑटो गैस की कीमत 58 से 61 रुपए प्रति लीटर थी, जो अब कुछ ही हफ्तों में बढ़कर 105 से 120 रुपए प्रति लीटर हो गई है। यानी करीब 106 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। निजी पेट्रोल पंपों पर यह कीमत 125 से 135 रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने की भी बात कही गई है।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मणि छेत्री का 106 वर्ष की उम्र में निधन
देश के प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर मणि क्षेत्री का 106 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार देर रात कोलकाता स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार करीब दो सप्ताह पहले गिरने से उनके सिर में चोट लगी थी। इसके बाद उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी। गौरतलब है कि डॉ. छेत्री ने 1944 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और उच्च शिक्षा के लिए विदेश गए। भारत लौटने के बाद उन्होंने कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।  
 

तेलंगाना में वरिष्ठ कमांडर समेत 30 माओवादियों का आत्मसमर्पण
प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के लगभग 30 सदस्यों ने तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें एक वरिष्ठ कमांडर भी शामिल है। तेलंगाना पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वालों में पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन के उप कमांडर सोडी केशालू उर्फ सोडी केशा भी शामिल हैं। केशालू का आत्मसमर्पण पीएलजीए बटालियन कमांडर बडसे सुक्का उर्फ देवा और 19 भूमिगत कार्यकर्ताओं के 3 जनवरी को आत्मसमर्पण करने के बाद हुआ है। तेलंगाना के डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी ने तेलंगाना के उन मूल निवासियों से विशेष अपील की जो वर्तमान में अन्य राज्यों में माओवादी समूहों में सक्रिय हैं। इनमें मुप्पल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति (72), पुसुनुरी नरहरि उर्फ संतोष (57), वार्ता शेखर उर्फ मंगथु (51), जोडे रत्नाबाई उर्फ सुजाता (68), नक्का सुशीला उर्फ रेला (51) और रंगबोयिना भाग्य उर्फ रूपी (43) शामिल हैं।

TTD की ‘नित्य अन्नदान’ योजना ने पूरा किया एक और साल
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि तिरुपति में चल रही ‘नित्य अन्नदान’ योजना ने एक और साल पूरा कर लिया है। यह योजना 6 अप्रैल 1985 को पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामाराव ने शुरू की थी। शुरुआत में इस योजना के तहत केवल 2,000 श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन दिया जाता था, लेकिन अब हर दिन करीब 2.8 लाख लोगों को भोजन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी की कृपा से लगातार बढ़ती जा रही है। इस योजना के लिए बने ट्रस्ट फंड में अब 2,500 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा हो चुके हैं, जिसमें भक्तों का बड़ा योगदान है। उन्होंने यह भी बताया कि अब यह योजना तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के तहत आने वाले 60 अन्य मंदिरों में भी लागू की जा रही है। इसके अलावा, TTD ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी ‘विद्या दानम’ और ‘प्राणदानम’ जैसी योजनाएं शुरू की हैं।

 

आंध्र प्रदेश में LPG, पेट्रोल और खाद की कोई कमी नहीं
आंध्र प्रदेश सरकार ने साफ किया है कि राज्य में LPG, पेट्रोल, डीजल और खाद की कोई कमी नहीं है। सिविल सप्लाई डायरेक्टर नूपुर अजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 14,000 टन LPG का स्टॉक मौजूद है, जबकि रोजाना लगभग 4,000 टन की खपत होती है। सप्लाई को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है ताकि कहीं भी कमी न हो।

सरकार ने 100% होम डिलीवरी की सुविधा लागू की है, जिससे लोगों को गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गैस बुकिंग व्हाट्सऐप, मिस्ड कॉल या मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से की जा सकती है। साथ ही, गलत तरीके से सिलेंडर बेचने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले कुछ समय में 1,000 से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं और 4,400 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत से ज्यादा गैस बुक न करें।
 

बंगलूरू में DRDO लैब को बम की झूठी धमकी
बंगलूरू में DRDO की एक लैब को बम से उड़ाने की धमकी मिली, लेकिन जांच में यह धमकी झूठी निकली। पुलिस के अनुसार, यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें कहा गया था कि लैब में बम लगाया गया है और दोपहर में विस्फोट होगा। इस सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की गई। एहतियात के तौर पर लैब को खाली कराया गया, लेकिन बाद में कोई भी विस्फोटक नहीं मिला। ईमेल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के पोते के अपहरण की भी धमकी दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की तलाश जारी है।
 

मैसूर में गोली मारकर तेंदुए की हत्या, जांच के आदेश
कर्नाटक के मैसूर जिले में एक तेंदुए को गोली मारकर मार दिया गया। इस घटना के बाद राज्य के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना हुंसूर इलाके में हुई, जहां करीब दो साल की मादा तेंदुए को गोली मारी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के शरीर से तीन गोलियां मिली हैं। मंत्री ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि वन्यजीवों का शिकार करना कानूनन अपराध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस मामले की पूरी जांच की जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए। साथ ही, अगर गश्त में कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। सरकार ने साफ किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

भुवनेश्वर ब्लास्ट मामले की जांच NIA को देने की मांग
भुवनेश्वर में हुए धमाके की जांच अब NIA को सौंपने की मांग की गई है। यह धमाका जनवरी में हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। NIA ने स्थानीय पुलिस से इस केस को अपने पास लेने की औपचारिक मांग की है, ताकि यह जांचा जा सके कि इसमें किसी आतंकी साजिश का हाथ तो नहीं है। एजेंसी यह भी देख रही है कि क्या इस धमाके में RDX जैसे खतरनाक विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शहनवाज मलिक बम बना रहा था, तभी विस्फोट हो गया। इस हादसे में उसकी और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए थे। फिलहाल जांच जारी है और मौके से मिले सबूतों की जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed