{"_id":"69c5326b140d33793d0b03ac","slug":"now-crossing-the-train-tracks-will-not-be-fatal-railways-will-prepare-such-smart-routes-2026-03-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Railways: अब ट्रेन की पटरी पार करना नहीं होगा जानलेवा, रेलवे तैयार करेगा ऐसे स्मार्ट रास्ते","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Railways: अब ट्रेन की पटरी पार करना नहीं होगा जानलेवा, रेलवे तैयार करेगा ऐसे स्मार्ट रास्ते
डिजिटल ब्यूरो ,अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Asmita Tripathi
Updated Thu, 26 Mar 2026 06:49 PM IST
विज्ञापन
सार
इन रेल पुलियाओं का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि उन्हें पटरी के आर पार महज 12 घंटे में स्थापित किया जा सके। इससे काम तेजी से पूरा होगा और लोगों को जल्द सुविधा मिल सकेगी।
रेल पुलियाओं का निर्माण हो रहा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
रेलवे पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भारतीय रेलवे अब मिशन मोड में काम करेगा। इसके तहत देशभर में सुरक्षित और सुविधाजनक रेल पुलियाओं का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में रेल मंत्री ने गुरुवार को नई दिल्ली में अधिकारियों के साथ एक वर्कशॉप कर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तेजी से काम करने और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
Trending Videos
रेल मंत्री ने अधिकारियों से कहा, ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां रेल पटरी के एक तरफ बस्ती और दूसरी तरफ खेत, स्कूल, श्मशान या अन्य जरूरी जगह हैं। इन स्थानों पर रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बड़ी संख्या में लोगों को पटरियां पार करनी पड़ती हैं। रेलवे के मुताबिक, ऐसे सभी संवेदनशील इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित रेल पुलियाओं का निर्माण किया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और हादसों में कमी लाई जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
रेल मंत्री ने साफ कहा कि, इन रेल पुलियाओं को आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी और सुरक्षित विकल्प के तौर पर विकसित किया जाएगा। पुलियाओं का डिजाइन ऐसा रखा जाएगा, जिससे लोग साइकिल, मोटरसाइकिल और अपने रोजमर्रा के काम का सामान आसानी से एक तरफ से दूसरी तरफ ले जा सकें। रेलवे का मानना है कि इस पहल से लोगों को पटरी पार करने की जरूरत कम होगी और इस दौरान होने वाले हादसों में बड़ी कमी आएगी।
निर्देशों के मुताबिक, इन रेल पुलियाओं का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि उन्हें पटरी के आर पार महज 12 घंटे में स्थापित किया जा सके। इससे काम तेजी से पूरा होगा और लोगों को जल्द सुविधा मिल सकेगी। रेल मंत्री ने कहा कि पुलियाओं का डिजाइन सरल, सुरक्षित और आकर्षक होना चाहिए, ताकि लोग बिना हिचक इसका इस्तेमाल करें। साथ ही, इस बात का भी खास ध्यान रखा जाएगा कि जलभराव जैसी समस्याओं का इन पर कोई असर न पड़े।