सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Narendra Modi said on completion of 12 years in office

PM Modi: 'कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ देश, जनता देख रही स्थिरता', 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर पीएम

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Wed, 10 Jun 2026 07:52 PM IST
विज्ञापन
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर इसे सामूहिक उपलब्धि बताया और जनता और सहयोगी दलों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्थिरता, तेज विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं ने लोगों का भरोसा मजबूत किया है। मोदी ने दावा किया कि बीते वर्षों में बुनियादी ढांचे, डिजिटल सेवाओं और आर्थिक अवसरों का तेजी से विस्तार हुआ है। साथ ही उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को देश के हर नागरिक का सपना बताया। एनडीए की बैठक में पीएम मोदी ने क्या कहा, पढ़िए रिपोर्ट-

PM Narendra Modi said on completion of 12 years in office
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर देश की जनता का आभार प्रकट किया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा, मैं आज इस यात्रा के ऐसे सभी साथियों के प्रति भी अपना आभार प्रकट करता हूं। इस अवसर पर एनडीए के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है। यह आपकी उदारता है। मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता। यह हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है। ये एनडीए के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है। इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को भाजपा समेत हमारे एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं।




'स्थिर सरकार का काम देख रही देश की जनता'
उन्होंने कहा, भारत की जनता का नीर-क्षीर विवेक हमेशा अद्भुत रहा है। देश की जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा है। ये जनता-जनार्दन की परिपक्वता ही है कि उसने लंबे समय तक मुझे इस तरह जनता की सेवा का अवसर दिया। 2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे थे। इसका देश को नुकसान उठाना पड़ा था। लेकिन अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं को परख भी रही है। मैं जनता का आभार प्रकट करता हूं।
विज्ञापन
विज्ञापन


'25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला'
प्रधानमंत्री ने कहा, साल 2014 में जब एनडीए की जीत हुई थी तब मैंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवीय में एक नई आशा का उदय हुआ है। इस आशा का इस उम्मीद का संरक्षण हम सभी का दायित्व था। देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपना भरोसा हमें सौंपा। मुझे संतोष है, गर्व है कि एनडीए परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है। 2014 में आशा का उदय होता सूरज आज नए आत्मविश्वास के प्रकाश पुंज में बदल गया है। भारत के लोगों ने पहली बार देखा है कि जब सही नीयत से सरकार चलती है तो तेज गति से विकास होता है। एनडीए सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों का गरीबी से बाहर निकलना दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, ये सफलता आज देश के हर उस व्यक्ति को बताती है कि एक दिन उसके सपने भी पूरे होंगे। मैं मानता हूं कि कल जो गरीब था, आज जो नियो मिडिल क्लास बना है, उसे अब हमें पीछे नहीं होने देना है। इसलिए सरकार के नाते हमें दिन-रात काम करना है। परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है। इस संकल्प के साथ 140 करोड़ का यह देश हमसे जो उम्मीदें लगाए बैठा है वे जरूर पूरी हों। भारत का युवा, नारी शक्ति, मध्यम वर्ग, किसान, सबकी आकांक्षाएं हमें पूरी करनी हैं।

'विकसित भारत जन-जन का सपना'
पीएम मोदी ने कहा, आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है। विकसित भारत का सपना अब किसी दल का या व्यक्ति का नहीं है। यह देश के जन-जन का सपना बन चुका है। इसकी पूर्ति के लिए हमें अपना हर पल समर्पित करना है। एनडीए के 12 वर्ष की एक सफलता यह भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचार और बेचारगी और हीन भावना के स्तर पर गिरा दिया था। देश को यह एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता था।

'इस धीमे विकास को एक नाम दिया गया था- हिंदू ग्रोथ रेट। कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की, लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया। जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम कांग्रेस ग्रोथ रेट होना चाहिए था। इसमें न गवर्नेंस था, न नीति और न नीयत और न ही निर्णय। जब अटल जी की सरकार आई तब हमें झलक दिखी कि विकास कार्य में गति कैसे आती है। लेकिन 2004 में देश अस्थिरता के बंवडर में फंस गया। कांग्रेस ने देश को एक के बाद एक हजार करोड़ के घोटालों में घसीट लिया। देश का भाग्य फिर तब बदला, जब 2014 में एनडीए की सरकार बनी।'

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने नेताओं के साथ खाई झालमुड़ी, भारत मंडपम में एनडीए की बैठक में दिखा खास पल

'100 यूजर्स इंटरनेट से जुड़े'
उन्होंने आगे कहा, देश ने देखा कि जब नीति, नीयत और निर्णय तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कैसी होती है। देश ने देखा है कि जो काम उदशकों में होते थे, वो काम महीनों में होने लगे। 2014 में 74 एयरपोर्ट थे, 2026 में 160 एयरपोर्ट हुए। 2026 में 6700 किमी एक्सप्रेसवे हैं। 2014 में 4 शहरों में मेट्रो थे, 2026 में 20 से ज्यादा शहरों में मेट्रो है। डिफेंस एक्सपोर्ट भी बढ़े हैं। देश ने एक लंबी यात्रा तय की है। देश में केवल 25 करोड़ इंटरनेट यूजर्स थे 2014 तक, आज 100 करोड़ यूजर्स इंटरनेट से जुड़े हैं। तब डिजिटल पेमेंट न के बराबर थे, आज भारत नंबर वन है।

उन्होंने कहा, 2014 तक भारत मोबाइल बाहर से मंगाता था, आज 33 करोड़ हैंडसेट यहीं बनते हैं। 2014 में एथनॉल ब्लेंडिंग 1.5 फीसदी था, 2026 में यह 20 फीसदी तक पहुंच चुका है। हमने देश की जरूरतों को अपनी नीतियों और निर्णयों का आधार बनाया। हमने युवाओं के लिए कौशल विकास मंत्रालय बनया। मंत्रालयों के सहयोग के लिए अलग कोऑपरेटिव मिनिस्ट्री बनाई। मछुआरों के लिए अलग मत्स्य मंत्रालय बनाया। हमारा फोकस रहा विकास की इस गति में कोई पीछे न छूटे।

'मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए हर क्षेत्र में बने नए अवसर'
उन्होंने कहा, 2014 से पहले मध्यम वर्ग कानून की उलझनों का सबसे बड़ा शिकार हुआ करता था। जटिल टैक्स स्कीम, आमदनी के सीमित स्त्रोत और टैक्स का बड़ा बोझ, खराब गर्वनेंस की मार ये सब सामान्य आदमी के लिए रोज की चुनौती होती थी। हमने मध्यम वर्ग की चिंताओं को समझा, इसलिए 12 लाख तक की आमदनी पूरी तरह से टैक्स फ्री है। बीते 12 वर्षों में मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए हर क्षेत्र में नए अवसर बने हैं।

मध्यम वर्ग के घर का सपना पूरा हो सके, सरकार इसमें भी मदद कर रही है। घर में इलाज के खर्च का बोझ कम हो, इसके लिए आयुष्मान भारत योजना में बिना आय सीमा के बुजुर्गों को भी शामिल किया गया है। जीएसटी रिफॉर्म्स का बड़ा लाभ मध्यम वर्ग को मिला है। मध्यम वर्ग के लिए स्वास्थ्य बीमा सस्ता हुआ है, उसके सपनों से जुड़ी चीजें सस्ती हुई हैं। इन प्रयासों का परिणाम है कि आज देश का मध्यम वर्ग अनिश्चितताओं से मुक्त हो रहा है। वो भी भरपूर आत्मविश्वास के साथ देश की विकास यात्रा को गति दे रहा है।

हमारे लिए दल से बड़ा देश: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे लिए दल से हमेशा अगर बड़ा कुछ है तो हमारा देश हैं। जब देश प्रथम की भावना से काम होता है तो कोई भी फैसला कठिन नहीं होता है। ऐसे फैसले जिन्हें पहले असंभव समझा जाता था, जो देश के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी थे। हमने बहुत ही सधे हुए तरीके से उन फैसलों को भी लिया है। पहले सरकारें आर्टिकल 370 की बात करने से भी डरती थीं। हमने इसे खत्म किया। पहले नॉर्थ ईस्ट से बम, बंदूक और ब्लॉकेड जाने का नाम नहीं लेते थे। हमने वहां शांति भी लौटाई और स्थिरता भी लेकर आए।

आतंकवाद और नक्सलवाद पर क्या कहा?
उन्होंने कहा, पहले भारत आतंकी हमलों के बाद चुपचाप दर्द सहता रहता था। हमने आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक की, एयरस्ट्राइक की, ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत का सामर्थ्य देखा। पहले मान लिया गया था कि नक्सलवाद-माओवाद कभी खत्म नहीं हो सकते। हमने देश को इस जहर से मुक्त करके दिखाया है। महिलाओं को आरक्षण, तीन तलाक के खिलाफ कानून, भारतीय न्याय संहिता, सीएए कानून, सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन एनडीए सरकार राष्ट्रहित में कोई भी काम करने से पीछे नहीं रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed