Byrathi Basavaraj: भाजपा विधायक बसवराज की अंतरिम जमानत रद्द, कभी भी हो सकते हैं गिरफ्तार
कर्नाटक राउडी शीटर हत्याकांड मामले में भाजपा विधायक बिरथी बसवराज की अंतरिम जमानत को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा है।
विस्तार
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड मामले में आरोपी भाजपा विधायक बिरथी बसवराज को पुलिस के सामने सरेंडर करने के लिए कहा है। मंगलवार को हाईकोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत को खारिज कर दिया था। इससे पहले, कोर्ट ने बसवराज को गिरफ्तारी से अंतरिम छूट दी थी।
पत्रकारों ने जब परमेश्वर से सवाल किया कि बिरथी बसवराज को गिरफ्तार क्यों नहीं किया, तो उन्होंने कहा भाजपा विधायक बिरथी बसवराज के लिए पुलिस के सामने सरेंडर करना अच्छा है। कोर्ट ने मंगलवार को अपना ऑर्डर पास कर दिया था। अगर वह अपनी मर्ज़ी से सरेंडर करते हैं, तो अच्छा हैनहीं तो, पुलिस उन्हें ढूंढेगी।
बिरथी बसवराज बेंगलुरु के केआर पुरम से भाजपा के विधायक हैं। वह हिस्ट्रीशीटर शिवप्रकाश उर्फ बिकलू शिवा के हत्या के मामले में आरोपी है। कर्नाटक हाई कोर्ट द्वारा मंगलवार को अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद वे जल्द ही गिरफ्तार हो सकते हैं।
कोर्ट के फैसले के बाद, सीआईडी अधिकारियों ने विधायक का पता लगाने के लिए जांच अभियान शुरू किया। सीआईडी सूत्रों ने बताया कि बसवराज फरार हो गया है, और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उसे कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।
बसवराज के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है, ताकि वे देश छोड़कर न भाग सके। अधिकारी दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ भी संपर्क कर रही है। गिरफ्तारी के लिए कुछ विशेष टीमें बनाई गई है।
हिस्ट्रीशीटर बिकलू शिवा की हत्या पिछले साल 15 जुलाई को बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में हुई थी। उसे उसके घर के सामने चाकू मारा गया था। बसवराज को इस मामले में पांचवा आरोपी बनाया गया है। जांच में विधायक के खिलाफ सबूत मिले थे। सीआईडी सूत्रों ने कहा कि जांच को आगे बढ़ाने और हत्या के पीछे की साज़िश का पता लगाने के लिए बसवराज से हिरासत में पूछताछ ज़रूरी है।
इस केस में नया मोड़ तब आया था जब मृतक की मां ने दावा किया कि उसने अपनी शिकायत में कभी भी भाजपा विधायक का नाम नहीं लिया था। लिस ने कहा कि उन्होंने बाद में मामले के मुख्य आरोपी के साथ बसवराज के कथित लिंक का पता लगाया। शुरू में, बसवराज के मामले के मुख्य आरोपी, गुंडे जगदीश उर्फ जग्गा के साथ सीधे लिंक थे, और हत्या से पहले वह कई बार बिकलू शिवा से मिला था।