SC Updates: बार काउंसिल चुनाव की निगरानी करने वाली समिति पर FIR, सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को करेगा सुनवाई
बार काउंसिल चुनावों की निगरानी के लिए बनाई गई हाई-पावर कमेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को सुनवाई करेगा। सोमवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने इस बात की जानकारी दी। इस मामले में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और वरिष्ठ वकिल मनन कुमार मिश्रा ने बताया कि एक वकील ने समिति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मिश्रा ने कहा कि यह मामला बहुत गंभीर है। उनके अनुसार, एक वकील की अपील पर विचार नहीं किया गया, इसलिए उसने समिति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। यह मामला महाराष्ट्र और गोवा राज्य बार काउंसिल चुनाव से जुड़ा है। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि मामले की सुनवाई मंगलवार को की जाएगी।
राज्य बार काउंसिल के लिए विशेष समिति का गठन
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य बार काउंसिल चुनावों की निगरानी के लिए एक विशेष समिति बनाई थी। इस समिति के अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया हैं। इसके अन्य सदस्य न्यायमूर्ति रवि शंकर झा जो पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं, और वरिष्ठ वकील वी गिरी हैं।
इसके अलावा 18 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि राज्य बार काउंसिल चुनाव से जुड़े किसी भी मामले की याचिका सीधे अदालत में सूचीबद्ध न की जाए। यदि किसी को शिकायत है, तो वह पहले अदालत द्वारा बनाई गई इस समिति के पास जाए।
चुनाव पारदर्शी कराने पर जोर
मामले में सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि पूरे देश में बार काउंसिल चुनाव समय पर, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराए जाएं। इसी वजह से अदालत ने पहले निर्देश दिया था कि सभी राज्यों में बार काउंसिल चुनाव सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जजों की निगरानी में कराए जाएं और इसके लिए अंतिम तारीख 31 जनवरी 2026 तय की गई थी।
कमेंट
कमेंट X