Tamil Nadu Assembly Elections: TVK ने विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी की तेज, 27 फरवरी को जारी होगा घोषणा-पत्र
अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ने राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, पार्टी जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की कोशिश में है। वहीं विजय की सीट समेत तमाम बड़ी सीटों को लेकर चर्चा तेज है।
विस्तार
तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी मैदान में संगठित प्रवेश का संकेत देते हुए 27 फरवरी को घोषणा पत्र जारी करने का एलान किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहचान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रारंभिक चरण में हर सीट के लिए तीन संभावित उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
यह भी पढ़ें - Karnataka: डीके शिवकुमार और राहुल गांधी पर बरसे भाजपा नेता, कर्नाटक में कचरा विवाद पर छिड़ी सियासी जंग
जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता
संभावित उम्मीदवारों की सूची में लगभग 80 प्रतिशत नाम जिला सचिवों के हैं। इससे स्पष्ट है कि पार्टी जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देना चाहती है और स्थानीय संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। इसके अलावा, राज्य स्तरीय पदाधिकारियों और अनुभवी प्रशासकों के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह रणनीति संगठनात्मक निष्ठा और प्रशासनिक अनुभव के संतुलन को दर्शाती है।
कई हाई-प्रोफाइल सीटों को लेकर भी चर्चाएं तेज
कुछ हाई-प्रोफाइल सीटों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। विल्लिवक्कम में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए पूर्व एआईएडीएमके विधायक के बेटे को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। वहीं कोलाथुर सीट पर एक प्रसिद्ध उद्योगपति के चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है। तेनकासी जिले में अलंगुलम क्षेत्र के एक प्रमुख थिएटर मालिक के बेटे और वासुदेवनल्लूर के पूर्व विधायक को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
विजय की सीट को लेकर सबसे अधिक चर्चा
सबसे अधिक चर्चा अभिनेता विजय की संभावित सीट को लेकर हो रही है। आधिकारिक घोषणा भले न हुई हो, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार वे वेदारण्यम से चुनाव लड़ सकते हैं, जो नागपट्टिनम जिले में स्थित है। यह सीट वर्तमान में ओएस मणियन के पास है, जो पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। पिछले चुनाव में डीएमके उम्मीदवार बेहद कम अंतर से हार गया था, जिससे यह सीट काफी प्रतिस्पर्धी मानी जाती है।
यह भी पढ़ें - Bengal: राज्य में सिविल सर्विस में पोस्ट बढ़ाने पर सियासत, BJP बोली- अधिकारियों को गुमराह कर रहीं ममता
मछुआरे और किसान- चुनाव में निर्णायक मतदाता
वेदारण्यम क्षेत्र में मछुआरों और किसानों की बड़ी आबादी है, जिन्हें चुनाव में निर्णायक मतदाता माना जाता है। पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षणों के अनुसार, यदि विजय यहां से चुनाव लड़ते हैं तो उनकी जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है। घोषणा-पत्र जारी होने और उम्मीदवार चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने के साथ टीवीके अपने पहले बड़े विधानसभा चुनाव में निर्णायक प्रभाव छोड़ने के लिए तैयार दिखाई दे रही है।
इनपुट आईएएनएस
अन्य वीडियो