जाति-रंग पर किया परेशान!: कन्नूर डेंटल कॉलेज में छात्र की मौत पर बवाल, सड़क पर आया प्रर्दशन, कार्रवाई की मांग
कन्नूर डेंटल कॉलेज में बीडीएस छात्र नितिन राज की मौत के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आरोप है कि उनके साथ जातिगत उत्पीड़न हुआ था। छात्र दोषी फैकल्टी पर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं व विरोध में व्हाइट कोट पहनने से इनकार कर रहे हैं।
विस्तार
केरल के कन्नूर स्थित डेंटल कॉलेज में गुरुवार को छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह प्रदर्शन बीडीएस छात्र नितिन राज की मौत के बाद शुरू हुआ, जिनके साथ कथित तौर पर जातिगत आधार पर उत्पीड़न किया गया था।
छात्रों की क्या है मांग?
कॉलेज के विभिन्न बैचों के छात्र, सिवाय उन छात्रों के जो यूनिवर्सिटी परीक्षाओं में शामिल हैं, वे कैंपस में मार्च निकालते हुए अंजराकांडी स्थित डेंटल कॉलेज के सामने धरने पर बैठ गए। छात्रों ने एलान किया कि जब तक नितिन राज को न्याय नहीं मिलता और दोषी फैकल्टी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे व्हाइट कोट नहीं पहनेंगे।
22 वर्षीय नितिन राज आर एल, जो प्रथम वर्ष के बीडीएस छात्र थे, 10 अप्रैल को मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। बताया गया कि वे इमारत से गिर गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई।
क्या है आरोप?
पुलिस ने इस मामले में दो फैकल्टी सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि नितिन राज को उनकी जाति और रंग को लेकर परेशान किया गया था।
छात्र प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नितिन राज की मौत के कई दिन बाद भी कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों की मुख्य मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। छात्रों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन प्रबंधन को सौंपेंगे।
छात्रों की प्रमुख मांगों में डेंटल एनाटॉमी विभाग के प्रमुख एमके राम, जो इस मामले में मुख्य आरोपी हैं, को कॉलेज से हटाना शामिल है। साथ ही अन्य जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें प्रबंधन की संरचना तक की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र संघ को कॉलेज का समर्थन नहीं मिलता, जिससे उनकी आवाज कमजोर पड़ जाती है।
छात्रों ने साफ कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल परीक्षाओं के चलते छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं।
आरोपी हैं फरार, पुलिस तलाश में जुटी
इस मामले की जांच केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि केरल एससी/एसटी आयोग, केरल राज्य मानवाधिकार आयोग, केरल राज्य युवा आयोग और मेडिकल एजुकेशन विभाग भी अलग-अलग स्तर पर कर रहे हैं। वहीं, इस मामले में आरोपी एम के राम और डॉ. संगीता फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X