'बंगाल में बाढ़ राहत के नाम पर करोड़ों का घोटाला': TMC पर भड़के अमित शाह, बोले- सत्ता में आने पर करेंगे वसूल
पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के दौरान अमित शाह ने टीएमसी पर उत्तर बंगाल बाढ़ राहत के 100 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सत्ता में आई तो राशि वापस ली जाएगी और गोरखा मुद्दे का समाधान होगा।
विस्तार
पश्चिम बंगाल में इस महीने होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्यभर की सियासत में गर्माहट तेज है। ध्यान देने वाली बात ये है कि जैसे-जैसे चुनाव के दिन नजदीक आ रहे हैं राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी सातवें आसमान पर पहुंचती नजर आ रही है। इसी बीच अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में चुनावी रैली के दौरान वीडियो संबोधन के माध्यम से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जमकर निशाना साधा और बाढ़ राहत के नाम पर 100 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की तरफ से उत्तर बंगाल में बाढ़ राहत के लिए दिए गए 100 करोड़ रुपये की रकम में घोटाला हुआ है और सत्ता में आने पर भाजपा यह पैसा वापस लेगी। शाह ने अपने बयान में गोरखा मुद्दे पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा बंगाल में सत्ता में आती है, तो दार्जिलिंग के गोरखा मुद्दे को प्राथमिकता से हल किया जाएगा। उन्होंने वादा किया कि गोरखा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी पुराने केस वापस ले लिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें:- West Bengal: 'ममता सरकार ने दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्रों के मुद्दों पर चर्चा से किया इनकार', अमित शाह का आरोप
मौसम खराब, वीडियो के जरिए संबोधन
बता दें कि खराब मौसम के कारण शाह दार्जिलिंग के लेबोंग नहीं पहुंच सके, इसलिए उन्होंने मालदा से वीडियो संदेश के जरिए लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 21 अप्रैल को कर्सियांग में होने वाली रैली में वे खुद मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उन्होंने गोरखा मुद्दे को सुलझाने के लिए केंद्र द्वारा बुलाई गई बैठकों में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की अनदेखी के कारण यह समस्या अब तक बनी हुई है।
ये भी पढ़ें:- कब सुधरेगा PAK: पीओके में 70 से अधिक आतंकी लॉन्च पैड एक्टिव, 800 दहशतगर्दों को भारत भेजने का संजो रहा ख्वाब
कानून-व्यवस्था पर भी हमला
शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में घुसपैठ, गुंडाराज और माफिया राज खत्म किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने गोरखा समुदाय के लोगों पर झूठे केस दर्ज किए हैं, जिन्हें हटाया जाएगा। गौरतलब है कि दार्जिलिंग में लंबे समय से अलग गोरखालैंड राज्य की मांग चल रही है, जिसको लेकर पहले भी हिंसक आंदोलन हो चुके हैं। शाह ने भरोसा दिलाया कि भाजपा इस मुद्दे का स्थायी समाधान संविधान के दायरे में रहकर निकालेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X