पाकिस्तान कनेक्शन की जांच के बीच सीआईके का एक्शन: श्रीनगर से अनंतनाग तक कई ठिकानों पर छापे, खंगाले जा रहे घर
जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) विंग ने 2023 के यूएपीए मामले में श्रीनगर, बडगाम और अनंतनाग में कई ठिकानों पर छापे।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) विंग ने शुक्रवार को घाटी के कई इलाकों में छापा मारा। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज 2023 के एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई।
सीआईके की टीमों ने श्रीनगर, बडगाम और अनंतनाग जिले में कई आवासीय परिसरों की तलाशी ली। अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में दो घरों और मट्टन के एक गांव में छापा मारा। इस दौरान स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की भी मदद ली गई।
श्रीनगर में एक आवासीय मकान पर छापा मारा गया। अधिकारियों के मुताबिक संबंधित व्यक्ति स्नातक है। बताया गया है कि उसकी मां को 29 अप्रैल 2025 को पाकिस्तान निर्वासित किया गया था और वह फिलहाल वहां रह रही है।
बडगाम में भी सीआईके की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ एक आवासीय मकान पर तलाशी अभियान चलाया। रिपोर्ट लिखे जाने तक वहां कार्रवाई जारी थी।
यह मामला सीआईकेपुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर नंबर 07/2023 से जुड़ा है। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 153-A और 505 के साथ यूएपीए की धारा 13, 18, 18-A और 39 के तहत मामला दर्ज किया गया है।