Kashmir: अमेरिका-इस्राइल हमले में खामेनेई की मौत, कश्मीर में सड़कों पर उतरे शिया समुदाय के लोग, विरोध प्रदर्शन
Protest in Kashmir अमेरिका और इस्राइल के हमले में खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर में विरोध प्रदर्शन। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शांति बनाए रखने की अपील की और सभी समुदायों से तनाव से बचने का आग्रह किया।
विस्तार
प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ नारे लगाए, ईरान के साथ एकजुटता व्यक्त की और हमले की निंदा की।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा आज हमारे प्रिय नेता खामेनेई को क्रूरता से हत्या कर दिया गया।
प्रदर्शनकारी ने कहा हमने ईरान से सुना कि क्रांतिकारी नेता खामेनेई अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्हें अमेरिका और इस्राइल ने क्रूरता से मार डाला... हम इस घटना से दुखी हैं।
ईरान में खामेनेई की मृत्यु के बाद 40 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है, और देश भर में शोक व प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं।
ईरान के नेता के कार्यालय ने राष्ट्रीय शोक की अवधि घोषित की है, झंडे आधे झुके हुए हैं, और सार्वजनिक सभाएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे इस्लामिक गणराज्य के इतिहास के 37 वर्षों का अंत हो रहा है।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी खामेनेई की मौत पर शोक व्यक्त किया है। पार्टी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने इसे अमानवीय और कायराना हमला बताते हुए रविवार के सभी राजनीतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर नजर रखे हुए है और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है ताकि ईरान में मौजूद जम्मू-कश्मीर के लोगों, खासकर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।