आतंक से अमन तक: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अपनी अंतिम सांसें ले रहा है, बोले- उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में 10वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ने और शांति स्थापना में योगदान देने की बात कही।
विस्तार
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 10वें अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता के शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अंतिम सांसें ले रहा है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस न केवल आतंकवाद से लड़ रही है बल्कि कानून-व्यवस्था बनाकर रख रही है। नागरिकों की सुरक्षा कर रही है यह सामाजिक-आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। पुलिस ने केंद्र शासित प्रदेश में औद्योगिक विकास और समग्र प्रगति के लिए शांति और स्थिर समाज सुनिश्चित किया है।
उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति ने अभूतपूर्व प्रगति को संभव बनाया है और लोगों के जीवन में समृद्धि लाई है। देश भर में सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वामपंथी उग्रवाद की जड़ें नष्ट हो गई हैं और भारत तीव्र आर्थिक विकास से प्रेरित प्रगति के एक नए युग का साक्षी बन रहा है। एलजी ने आतंकवादी सहायता प्रणालियों को ध्वस्त करने और सीमा पार घुसपैठ को रोकने के लिए पुलिस, सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सराहना की।
उन्होंने आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए खुफिया जानकारी आधारित गतिशील अभियानों और बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। सिन्हा ने नागरिकों के लिए भयमुक्त वातावरण बनाने में जम्मू-कश्मीर पुलिस बल की भी प्रशंसा की।
प्रतियोगिता में दो हजार से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से आयोजित जूडो, वुशू, पेंचक सिलाट, ताइक्वांडो और कराटे की इस चैंपियनशिप में 2,000 से अधिक एथलीट भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, पुलिस मुख्यालय के विशेष महानिदेशक समन्वय एसजेएम गिलानी, सशस्त्र पुलिस महानिदेशक आनंद जैन, पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

कमेंट
कमेंट X