J&K: पेट्रोल-डीजल और गैस की जमाखोरी पर लगेगी लगाम, कालाबाजारी पर सख्त सीएम उमर, डीसी को दिए कड़े निर्देश
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे पेट्रोल-डीजल, गैस और अन्य जरूरी चीजों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने जिला स्तर पर सतर्कता बढ़ाने और सप्लाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनता को स्टॉक की स्थिति की नियमित जानकारी देने के लिए भी कहा।
विस्तार
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि सभी उपायुक्त पेट्रोल-डीजल, गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी कड़ी नजर रखें। जरूरी चीजों की उपलब्धता को बनाए रखा जाए। ये निर्देश सीएम ने उच्च सत्रीय समीक्षा बैठक में दिए।
सीएम ने अधिकारियों के साथ जम्मू-कश्मीर में आने वाले त्योहारों ईद, नवरात्रों और पश्चिम एशिया में मौजूदा भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए जरूरी चीजों व पेट्रोलियम उत्पादों के स्टॉक की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने पूरे जम्मू-कश्मीर में पेट्रोलियम उत्पादों, लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) और अन्य जरूरी चीजों की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रशासन को पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय रहना चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी जिले में जरूरी चीजों की कोई कृत्रिम कमी, जमाखोरी या कालाबाजारी न होने पाए।
जिला स्तर पर कड़ी निगरानी बढ़ाएं
सीएम ने कहा कि सभी उपायुक्त जिला स्तर पर कड़ी निगरानी बढ़ाएं ताकि जरूरी चीजों की सुचारू आपूर्ति और उनका उचित वितरण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन को हर समय सतर्क रहना चाहिए क्योंकि मौजूदा संकट कब तक जारी रहेगा, इस बारे में अभी कुछ भी निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता है।
इसलिए जिस अलर्ट पर हम हैं उसे जारी रखना होगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई कमी या कालाबाजारी जैसी स्थिति पैदा न हो। उन्होंने सूचना विभाग को यह निर्देश दिया कि वे अफवाहों और घबराहट में की जाने वाली खरीदारी को रोकने के लिए जरूरी चीजों के स्टॉक की स्थिति और उनकी आपूर्ति के बारे में जनता को नियमित रूप से जानकारी देते रहें।
प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और गैस का 21 दिनों का स्टॉक जमाखोरी पर होगी कार्रवाई
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री सतीश शर्मा ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और गैस का करीब 21 दिन का स्टॉक उपलब्ध है। केरोसिन की सप्लाई भी फिर शुरू कर दी है। शर्मा ने कहा, प्रशासन की सप्लाई पर कड़ी नजर है। कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी लाइसेंस तक रद्द किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। मिलावट या जमाखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। मंत्री ने कहा, शांति हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। नफरत हमेशा प्यार से हारती है।
कश्मीर भारत का स्विट्जरलैंड:
शर्मा ने कहा, कश्मीर भारत का स्विट्जरलैंड है। सीएम उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार क्षेत्र के विकास और पर्यटन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उम्मीद है कि ट्यूलिप गार्डन के खुलने के बाद रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक यहां आएंगे। हमारा मुख्य ध्यान समृद्धि और प्रगति पर बना रहेगा।
नजर रखने के लिए 20 टीमें तैनात
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि नागरिक सचिवालय में बताया कि विधिक माप विज्ञान विभाग के नेतृत्व में 20 से ज्यादा टीमों को तैनात किया गया है। वे चौबीसों घंटे हालात पर नजर रखेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर एलपीजी के कॉमर्शियल कोटे की सप्लाई बढ़ाने का अनुरोध किया है ताकि होटलों और रेस्टोरेंट की मांग को पूरा किया जा सके।
एएवाई परिवारों को 2.5 लीटर केरोसिन देंगे:
मंत्री ने बताया कि अस्पतालों व शैक्षणिक संस्थानों को बिना रुकावट एलपीजी की 100 प्रतिशत सप्लाई मिलती रहेगी। सरकार ने राहत उपाय के तौर पर एएवाई श्रेणी के तहत हर परिवार को 2.5 लीटर केरोसिन तेल देने का फैसला किया है। शर्मा ने जनता से घबराकर खरीदारी न करने की भी अपील की है।