49 आईएएस व केएएस अधिकारियों के तबादले: आठ जिलों के बदले डीसी, जम्मू की कमान अब मिंगा शेरपा के हाथ
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बड़ा फेरबदल करते हुए जम्मू, राजोरी, कुपवाड़ा समेत आठ जिलों के उपायुक्तों का तबादला किया है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बुधवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 49 आईएएस और केएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में जम्मू संभाग के मंडलायुक्त के साथ जम्मू, राजोरी, कुपवाड़ा, उधमपुर, सांबा, बडगाम, पुलवामा और गांदरबल के उपायुक्त भी बदले गए हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विकास कुंडल को जम्मू संभाग का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, मौजूदा मंडलायुक्त को दिल्ली में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पंचायती राज से जुड़े कामकाज के लिए रमेश को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मिंगा शेरपा बने जम्मू के नए डीसी
उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा को जम्मू का नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, जम्मू के मौजूदा उपायुक्त राकेश मिन्हास को स्टेट हेल्थ एजेंसी, जम्मू-कश्मीर का निदेशक नियुक्त किया गया है। उधमपुर में मिंगा शेरपा की जगह अनंत द्विवेदी को नया उपायुक्त बनाया गया है।
राजोरी के उपायुक्त अभिषेक शर्मा का तबादला कर उन्हें कुपवाड़ा का नया डीसी बनाया गया है। वहीं, डॉ. देवांश यादव को राजोरी का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। कुपवाड़ा के डीसी श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) का चेयरमैन बनाया गया है।
सांबा, बडगाम और गांदरबल में भी बदलाव
सांबा की उपायुक्त आयुषि सूदन को जम्मू नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह डॉ. रुपेश कुमार को सांबा का नया उपायुक्त बनाया गया है। आयुषि सूदन और जम्मू के नए डीसी मिंगा शेरपा पति-पत्नी हैं।
बडगाम के डीसी अथर आमिर उल शफी खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गांदरबल के डीसी जतिन किशोर को बडगाम का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि श्रेया सिंघल गांदरबल की नई डीसी होंगी।
पुलवामा में कुलदीप कृष्ण सिद्धा को नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, पुलवामा के मौजूदा डीसी बशारत कयूम को श्रीनगर नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
सूचना विभाग और जेडीए में भी नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक फेरबदल के तहत ममता यादव को निदेशक सूचना नियुक्त किया गया है। वहीं, विद्यु शेखर को जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इस बड़े फेरबदल के जरिए प्रशासन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। जिलों के उपायुक्तों से लेकर संभागीय स्तर और प्रमुख विभागों तक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।