LoC पर पाक ने तोड़ा सीजफायर, नौशेरा में सेना का एक जवान शहीद, एक घायल
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकतों को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा से सटे नौशेरा सेक्टर में शुक्रवार सुबह गोलाबारी की गई है। पाकिस्तान की ओर नौशेरा में एलओसी पर गोलाबारी का भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा मुंहतोड़ जवाब दिया गया है।
पाकिस्तान की ओर से नौशेरा सेक्टर स्थित नियंत्रण रेखा के कलसियां सेक्टर में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई। इस दौरान पाकिस्तान के द्वारा नौशेरा सेक्टर की एलओसी पर मोर्टार भी दागे गए। इस दौरान भारतीय सेना की ओर से भी इस साजिश का करारा जवाब दिया गया।
इस बीच पाक की गोलाबारी सुबह 6 बजे तक लगातार जारी रही। इस दौरान जवाबी कार्रवाई के दौरान भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान की पहचान नायक बख्तवार सिंह के रूप में हुई है जो कि सेना की 8 सिख रेजीमेंट में तैनात थे। वहीं सेना के मुताबिक 8वीं सिक्ख रेजिमेंट के जवान कुलदीप सिंह घायल हुएं हैं।
वीरवार को मार गिराए गए थे 2 पाकिस्तानी सैनिक
पाकिस्तान की ओर से लगातार होती नापाक हरकतों के बीच भारतीय सेना ने एक बार फिर नापाक हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की ओर से एलओसी से सटे राजोरी और पुंछ जिलों में सीजफायर उल्लंघन के बाद भारतीय सेना ने एक बार फिर विध्वंसक जवाबी कार्रवाई की।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाक की ओर से एलओसी पर लगातार हो रही सीजफायर उल्लंघन की घटना के बीच भारतीय जवानों द्वारा मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई करते हुए राजोरी के भिंबर गली सेक्टर में दो पाक सैनिकों को मार गिराया गया।
16 जून तक पाक द्वारा 6 दिनों में 12 बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया। सूत्रों के अनुसार पाक द्वारा सीजफायर उल्लंघन की घटनाओं में लगातार गोलीबारी के साथ साथ मोर्टार दागे जाने का सिलसिला जारी है जिसका भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा लगातार मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है।