जम्मू-कश्मीर: शिवखोड़ी धाम पहुंचना होगा आसान, हेलीपैड से वैकल्पिक मार्ग तक विकास कार्य तेज
शिवखोड़ी धाम में श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए हेलीपैड वैकल्पिक मार्ग, वेटिंग हॉल, कैफेटेरिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
मंडलायुक्त जम्मू विकास कुंडल ने रविवार को शिवखोड़ी धाम का दौरा कर विकास कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए।
उन्होंने निर्माणाधीन हेलीपैड का निरीक्षण किया और वेटिंग रूम, फ्रिस्किंग पॉइंट तथा सुरक्षा गार्ड रूम के निर्माण की प्रगति देखी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पहाड़ी की कटाई का काम तेज करने और हेलीपैड सहित अन्य सुविधाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। फ्रिस्किंग पॉइंट पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके बाद उन्होंने शिवखोड़ी मंदिर में माथा टेका।
वैकल्पिक मार्ग, वेटिंग हॉल और कैफेटेरिया के कार्यों की समीक्षा बाद में शिव शक्ति भवन, रनसू में मंडलायुक्त ने जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उपायुक्त रियासी कुमार अभिषेक ने विभिन्न कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की जानकारी दी। बैठक में वैकल्पिक मार्ग का निर्माण, मौजूदा रास्ते का सुधार, वेटिंग हॉल, कैफेटेरिया, ओवरहेड शेड, पेयजल पॉइंट और भवनों के नवीनीकरण सहित कई परियोजनाओं पर चर्चा हुई। पर्यटन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जेपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और श्राइन बोर्ड के माध्यम से करवाए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डोरमेटरी के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश
विकास कुंडल ने हेलीपैड को चालू करने के लिए अग्निशमन और आपातकालीन उपकरणों की व्यवस्था जल्द करने को कहा। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए डोरमेटरी निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसएसपी रियासी मुकुंद तिब्रवाल, एडीसी सुशील केसरी, सीपीओ नरेंद्र कुमार, एसीआर नितिन वर्मा, एसीडी मुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
