जम्मू कश्मीर में बारिश का कहर: डोडा और किश्तवाड़ में स्कूल बंद, ऑनलाइन पढ़ाई जारी
खराब मौसम और भारी बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है, जबकि ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम को देखते हुए डोडा और किश्तवाड़ जिलों में स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि छात्रों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। हालांकि, दोनों जिलों में ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डोडा के जिला विकास आयुक्त के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 29 जुलाई को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया। प्रशासन ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किश्तवाड़ जिला प्रशासन ने भी लगातार हो रही भारी बारिश, फिसलन भरी सड़कों और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया। हालांकि, किश्तवाड़ शहर के मालिपेठ से चेहर क्षेत्र के बीच स्थित स्कूलों को इस आदेश से छूट दी गई है और वे खुले रहेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, चिनाब घाटी के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन इलाकों में बुधवार सुबह करीब 5 बजे से मध्यम से भारी बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने 31 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके बाद प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बारिश के बावजूद यातायात के लिए खुला रहा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।