जम्मू कश्मीर में बारिश का कहर: फ्लैश फ्लड के खतरे के बीच प्रशासन ने जारी की चेतावनी, वैष्णो देवी यात्रा स्थगित
राजोरी समेत जम्मू संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं, जिसके चलते प्रशासन ने फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। और सभी प्रमुख यात्राएं भी मौसम खराब होने के कारण स्थगित कर दी गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले में मंगलवार सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और राजोरी पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक बिना जरूरी कारण घरों से बाहर न निकलें। साथ ही नदी-नालों, बाढ़ प्रभावित इलाकों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। लोगों को जलभराव वाली सड़कों और पुलों को पार न करने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
राजोरी पुलिस ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
उधर, लगातार बारिश के कारण जम्मू संभाग के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड के खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोड़ी यात्रा और मचैल माता यात्रा लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रही।
अधिकारियों के अनुसार रविवार से अब तक पुंछ, राजोरी और डोडा जिलों में बारिश से जुड़े हादसों में 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा राहत सेवाओं से संपर्क करने की अपील की है।