बाढ़-भूस्खलन से जम्मू-कश्मीर बेहाल: चार जगह फटे बादल, बडगाम में कई दुकानें बहीं, स्कूल 26 जुलाई तक बंद
जम्मू-कश्मीर में लगातार मूसलाधार बारिश से गुरेज में चार जगह बादल फटने, बडगाम में बाढ़ और कई जिलों में भूस्खलन से तबाही हुई, जबकि पुंछ-जम्मू हाईवे और अमरनाथ-वैष्णो देवी यात्राएं प्रभावित रहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में लगातार मूसलाधार बारिश से बांदीपोरा के गुरेज-तुलैल क्षेत्र में चार जगह बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। बडगाम में सुखनाग नाला में बाढ़ से कई दुकानें बह गईं। वहीं खराब मौसम को देखते हुए सरकार ने सभी स्कूलों में 26 जुलाई तक छुट्टियां बढ़ा दी हैं।
बारिश के कारण श्रीनगर समेत कई शहरी इलाकों में जलभराव हो गया। निचले क्षेत्रों के घरों और बाजारों में पानी घुसने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। गुरेज में बादल फटने से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ, बीएसएनएल के टावर क्षतिग्रस्त हुए। भूस्खलन के कारण दो सड़कें बंद हो गईं।
भारी बारिश के चलते पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे हाईवे करीब छह घंटे तक बंद रहा। मदाना और शींदरा क्षेत्र में मलबा आने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सांबा, कठुआ, राजोरी, पुंछ और बनी क्षेत्र में लगातार बारिश से सड़कें बंद हो गईं। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया।
कठुआ में मग्गर खड्ड में उफान आने से संपर्क मार्ग बह गया, जबकि बनी में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक बस क्षतिग्रस्त हो गई। राजोरी में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना ने संयुक्त अभियान चलाकर अब तक करीब 230 लोगों को सुरक्षित निकाला है। लगभग 480 लोगों को राहत शिविरों में ठहराया गया है।
कटड़ा में सबसे ज्यादा 245.6 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों में सबसे अधिक बारिश कटड़ा में 245.6 मिमी दर्ज की गई। पुंछ में 204.5 मिमी, राजोरी में 186.2 मिमी, रियासी में 184.5 मिमी और उधमपुर में 155.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को भी कटड़ा में 107.1 मिमी, पुंछ में 61.5 मिमी और राजोरी में 49 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
कटड़ा में 20 हजार श्रद्धालु यात्रा शुरू होने के इंतजार में
खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे के कारण श्री माता वैष्णो देवी यात्रा चौथे दिन भी स्थगित रही। कटड़ा में करीब 20 हजार श्रद्धालु यात्रा बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। मंगलवार को करीब 12 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंचे। प्रशासन और श्राइन बोर्ड का कहना है कि यात्रा बहाल करने का फैसला मौसम की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा। वहीं श्री अमरनाथ यात्रा और शिवखोड़ी यात्रा भी लगातार चौथे दिन स्थगित रही।
यह खबर भी पढ़ें: सुखनाग नदी का रौद्र रूप: तेज बहाव में बह गई पूरी म्यूनिसिपल मार्केट, सैलाब ने बदल दी तस्वीर, वीडियो वायरल
श्रीनगर सचिवालय में भरा पानी सीएम ने दिए जांच के आदेश
सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा, श्रीनगर शहर की जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। इससे नागरिक सचिवालय के भूतल में पानी भर गया। उन्होंने सचिवालय में पानी भरने की घटना को शर्मनाक करार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, श्रीनगर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की जांच होगी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में झेलम रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट को छोड़कर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का बाकी पैसा कहां गया। उन्होंने कहा, कैबिनेट ने पिछली बैठक में यह तय किया था कि प्रोजेक्ट की प्रभावशीलता जांच के लिए थर्ड-पार्टी ऑडिट होना चाहिए। अभी तक थर्ड-पार्टी ऑडिट का आदेश जारी नहीं किया गया है।
छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टियां बढ़ाने का फैसला
सरकार ने खराब मौसम के चलते स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। विंटर और समर दोनों दोनों जोन के स्कूल अब 27 जुलाई से खुलेंगे। शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने कहा कि मौजूदा मौसम और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
यह खबर भी पढ़ें: पुंछ हादसे की खौफनाक तस्वीर: जहां गूंजती थीं बच्चों की किलकारियां, वहीं से उठे सात जनाजे, हर आंख हुई नम
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.